बाराबंकी : कोरोना वैक्सीन की सेकेंड डोज लगवाने में भी लोग रुचि नहीं दिखा रहे हैं, यही कारण रहा है कि शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान के बावजूद महज तीन हजार ही लोग टीका लगवाने के लिए केंद्रों पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा बार-बार की जा रही अपील का भी लोगों पर कोई खास असर देखने को नहीं मिला। जिससे ज्यादातर बूथों पर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा।
जिले में करीब 61 हजार लोग ऐसे हैं जिन्हें कोरोना का दूसरा टीका लगाया जाना है। शासन के आदेश पर इसको लेकर शनिवार का दिन निर्धारित किया गया। जिसमें सिर्फ और सिर्फ दूसरी डोज ही लगाए जाने के आदेश दिए गए। इसको लेकर जिलेभर में 35 केंद्र बनाए गए और खूब प्रचार-प्रसार भी किया गया।
अधिकारियों ने लोगों से अपील भी की वह टीके की दूसरी खुराक जरूर लगवाएं क्योंकि कोरोना से बचाव का सबसे सुरक्षित उपाय महज टीका ही है। लेकिन चलाए गए अभियान के दौरान इस अपील का भी लोगों पर कोई असर दिखाई नहीं दिया। एक दो स्थानों को छोड़ दिया जाए तो ज्यादातर टीकाकरण केंद्रों पर पूरी तरह से सन्नाटा छाया रहा।
केंद्रों पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मी लोगों को इंतजार करते नजर आए। विभाग की माने तो शाम तक केंद्रों से आई रिपोर्ट के अनुसार महज तीन हजार लोगों ने ही टीके की दूसरी खुराक ली। ऐसे लोगों से बराबर संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है जिससे जो लोग रह गए हैं उन्हें भी दूसरी खुराक लगाई जा सके। सेकेंड डोज के लिए शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत करीब तीन हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। शासन ने शनिवार का दिन अब सेकेंड डोज वालों के लिए ही आरक्षित किया है। लेकिन फर्स्ट डोज भी इस दिन लोग लगवा सकेंगे।









