बाहुबली अतीक अहमद के गुर्गे हमजा अंसारी पर कसा शिकंजा, CBI ने प्रयागराज से किया गिरफ्तार

Facebook
X
WhatsApp

बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद के गुर्गे और देवरिया जेल कांड में व्यापारी मोहित जायसवाल को अगवा कर पिटाई करवाने के मामले में वांछित चल रहे हमजा अंसारी को सीबीआई ने प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है. सीबीआई की टीम ने करेली के गौस नगर इलाके में छापा मारकर उसे कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया है. जिसके बाद सीबीआई की टीम ने हमजा अंसारी को करेली थाने में दाखिल किया और उसके बाद उसे लेकर लखनऊ रवाना हो गई. इससे पहले सीबीआई कोर्ट ने पहले ही हमजा अंसारी के खिलाफ सीबीआई कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी कराया था।

गौरतलब है कि लखनऊ के रियल स्टेट कारोबारी और बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद के बिजनेस पार्टनर मोहित जायसवाल को 26 दिसंबर 2018 को लखनऊ से अगवा किया गया था. अतीक अहमद के गुर्गे मोहित जायसवाल को देवरिया जेल ले गए थे. जहां पर अतीक अहमद बंद था. जेल में ही अतीक अहमद ने मोहित जायसवाल की जमकर पिटाई की थी और उसकी दो कंपनियों को अपने गुर्गों के नाम पर लिखवा लिया था. इस घटना के बाद 28 दिसंबर 2018 को पीड़ित कारोबारी मोहित जायसवाल ने लखनऊ के कृष्णा नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी. जिसके दो दिन के बाद ही बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद को देवरिया जेल से बरेली जेल शिफ्ट कर दिया गया था।

बता दें कि रियल स्टेट कारोबारी मोहित जायसवाल के अपहरण और देवरिया ले जाकर पिटाई के मामले में अतीक अहमद का खास गुर्गा हमजा अंसारी भी शामिल था. इसके साथ ही इसी मामले में अतीक अहमद का बड़ा बेटा मोहम्मद उमर भी आरोपी है. उसे भी सीबीआई चार साल से तलाश कर रही है. मोहम्मद उमर 2018 से फरार चल रहा है और सीबीआई ने उस पर दो लाख का इनाम भी घोषित किया हुआ है. ऐसा माना जा रहा है कि हमजा अंसारी की गिरफ्तारी के बाद अब सीबीआई मोहम्मद उमर की तलाश तेज कर देगी।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें