लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी देश के साथ ही राज्य संगठन के विस्तार तथा उनके कायाकल्प पर विशेष ध्यान दे रही है। नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के नए भवन के निर्माण के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी जिला कार्यालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को गोरखपुर में गोरखपुर के साथ ही अन्य सात जिला भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ भी गोरखपुर में रहेंगे।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सात नए जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन होगा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश (जेपी) नड्डा आज गोरखपुर में भाजपा के सात नए जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ गोरखपुर के नवनिर्मित के क्षेत्रीय कार्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी कार्यालयों के उद्घाटन के दौरान मौजूद रहेंगे। गोरखपुर के रानीडीहा में भाजपा का पांच मंजिला हाईटेक क्षेत्रीय कार्यालय बनवाया गया है। अब यहां से पूर्वी क्षेत्र के कार्यालयों का संचालन होगा।
जेपी नड्डा वीडियो कान्फ्रेंसिंग से श्रावस्ती, रायबरेली, कुशीनगर, संतकबीरनगर, अयोध्या, जौनपुर तथा बागपत के नवनिर्मित जिला कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। अयोध्या में इस मौके पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक रायबरेली के भाजपा कार्यालय में रहेंगे। कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा राज्य मंत्री दिनेश खटीक बागपत में उदघाटन के दौरान मौजूद रहेंगे। अलीगढ़ में कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार शर्मा भाजपा के नए जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह में रहेंगे। जौनपुर के कार्यालय में केन्द्र सरकार में कैबिनेट मंत्री डा. महेन्द्र पाण्डेय के साथ प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अनूप प्रधान रहेंगे। श्रावस्ती में राज्य मंत्री केपी सिंह मलिक रहेंगे। कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद और राज्यसभा सदस्य सुरेन्द्र सिंह नागर मुरादाबाद में रहेंगे। कैबिनेट मंत्री मंत्री राकेश सचान और राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल सोनभद्र में मौजूद रहेंगे। पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और मंत्री नितिन अग्रवाल सिद्धार्थनगर से कार्यक्रम में शामिल होंगे।









