गोरखपुर: सांसद व फिल्म अभिनेता रवि किशन का कहना है कि अब तक लोगों को देश का गलत इतिहास पढ़ाया जा रहा था, अब फिल्मों के जरिए भी वास्तविक इतिहास की जानकारी दी जा रही है। द कश्मीर फाइल और सम्राट पृथ्वीराज जैसी फिल्में इसी प्रयास की कड़ी हैं। रवि किशन भाजपा के बेनीगंज कार्यालय में मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर पार्टी के ‘रिपोर्ट टू नेशन’ कार्यक्रम के क्रम में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश का सही इतिहास बताने के चलते ही इन फिल्मों को केंद्र व प्रदेश सरकार का समर्थन मिल रहा है। उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है।
इस दौरान रवि किशन ज्ञानवापी प्रकरण पर खुलकर बोले। कहा कि वहां वर्षों से नंदी किसका इंतजार कर रहे थे, यह साफ हो गया है। सैकड़ों वर्ष पहले मंदिर ध्वस्त किए गए, जिसका सच अब सामने आ रहा है। पंजाब में सिद्धू मूसेवाला की हत्या की चर्चा पर सांसद ने कहा कि युवा गायक की सुरक्षा हटाते ही घटना हुई, इसका जवाब मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल को देना होगा। मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। गायक केके के निधन पर दुख जताते हुए रवि किशन ने कहा कि बड़े कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था रहती है लेकिन चिकित्सकीय सुविधाओं का अभाव दिखता है। हर कार्यक्रम में एंबुलेंस व चिकित्सीय व्यवस्था हो, इसकी मांग संसद में उठाई जाएगी।
रिपोर्ट टू नेशन कार्यक्रम के तहत जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह की अध्यक्षता में बेनीगंज पार्टी कार्यालय पर लाभार्थी अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान बतौर सांसद रवि किशन ने लाभार्थियों को अंगवस्त्र ओढ़ा कर सम्मानित किया। अभिनंदन समारोह का संचालन हरिकेश राम त्रिपाठी व बृजेश मणि मिश्र ने किया। इस दौरान संजय ङ्क्षसह, सबल सिंह पालीवाल, मनोज अग्रहरी आदि मौजूद रहे।









