हैदराबाद पुलिस ने तेलुगू फिल्म निर्माता बेलमकोंडा सुरेश और उनके बेटे अभिनेता बेलमकोंडा साई श्रीनिवास के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. इन दोनों के खिलाफ वीएल श्रवण कुमार नामक एक फाइनेंसर ने 85 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप लगाया है और पुलिस को सूचना दी थी. शहर की एक अदालत के निर्देश पर सेंट्रल क्राइम स्टेशन (सीसीएस) पुलिस ने दोनों के खिलाफ FIR की गई है. फाइनेंसर ने कोर्ट में शिकायत की थी कि निर्माता और उनके बेटे ने 2018 के दौरान एक फिल्म बनाने के लिए उनसे किश्तों में पैसे लिए थे.
फाइनेंसर श्रवण ने दावा किया कि निर्माता ने मालिनी गोपीचंद के निर्देशन में बनने वाली फिल्म के लिए उन्हें सहायक निर्माता के रूप में लेने का वादा किया था. वहीं इस मामले में स्पष्टीकरण के लिए बेलमकोंडा सुरेश ने एक प्रेस मीट बुलाई है. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘श्रवण मेरे गांव का रहने वाला है और वह मूवी टिकट मांगता था. यह मेरे परिवार की प्रतिष्ठा को बदनाम करने का एक जानबूझकर कर किया गया प्रयास है. उसने मेरे बेटों श्रीनिवास और गणेश को भी निशाना बनाया है जो अपनी फिल्मों से फेम पा रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने किसी से एक रुपया भी नहीं लिया है. अगर सबूत हैं तो उन्हें पुलिस और मीडिया के सामने पेश करना चाहिए. मैं किसी भी सजा के लिए तैयार हूं. उनका दावा है कि यह घटना 2018 में हुई थी और अगर ऐसा है तो उन्होंने मुझे एक भी फोन क्यों नहीं किया. उन्हें सबूत के तौर पर कॉल हिस्ट्री पेश करनी चाहिए.’









