पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के बीच आम आदमी का महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। दरअसल, पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 15 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। कीमतो में बढ़ोत्तरी के बाद दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर के दाम अब 899.50 रुपए हो गए हैं। पेट्रोलियम कंपनियों के मुताबिक, एलपीजी सिलेंडर पर बढ़ी हुई कीमतें आज से ही प्रभावी हो गई हैं। रेट बढ़ने के बाद दिल्ली में 5 किलो एलपीजी सिलेंडर की नई कीमत बढ़कर 502 रुपए हो गई है।
बता दें कि पिछले 2 महीनों से भी कम समय में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में यह चौथी बढ़ोत्तरी है। इससे पहले पिछले महीने 1 सितंबर को ही घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 25 रुपए का इजाफा हुआ था। अगर इस साल 1 जनवरी के बाद से अभी तक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुए इजाफे का आंकलन करें, तो गैस सिलेंडर पर पिछले 9 महीनों में कुल 205 रुपए बढ़ चुके हैं। अभी 5 दिन पहले ही एलपीजी के कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा हुआ था।
रेट बढ़ने के बाद दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की नई कीमत- 899.50 रुपए, मुंबई में भी 899.50 रुपए, नोएडा में 882.50 रुपए, गुरुग्राम में 893.50 रुपए, बेंगलुरू में 887.50 रुपए, चंडीगढ़ में 894 रुपए, जयपुर में 888.50 रुपए, पटना में 974.50 रुपए, कोलकाता में 911 रुपए, चेन्नई में 900.50 रुपए, भुवनेश्वर में 886 रुपए, हैदराबाद में 937 रुपए, लखनऊ में 922.50 रुपए और त्रिवेंद्र में 894 रुपए हो गए हैं।
गौरतलब है कि देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को देश के अलग-अलग शहरों में पेट्रोल की कीमतों में 26 पैसे से लेकर 30 पैसे और डीजल की कीमतों में 34 पैसे से लेकर 37 पैसे तक की बढ़ोत्तरी देखी गई।













