मौलाना तौकीर रजा का भाजपा पर बड़ा आरोप, नुपुर शर्मा के साथ हुई अनहोनी तो मुसलमानों का लगा दिया जाएगा नाम

Facebook
X
WhatsApp

बरेली। भाजपा की पूर्व प्रवक्‍ता नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्‍मद को लेकर दिए गए बयान के बाद शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नुपुर शर्मा को लेकर इत्‍तेहाद ए मिल्‍लत काउंसिल (आइएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने एक और विवादित बयान दे दिया। मौलाना ने कहा कि नुपुर शर्मा के लिए जेल ही सबसे सुरक्षित जगह है। 2024 के लोकसभा चुनाव को जीतने के लिए षडयंत्र के तहत भाजपा उनकी हत्‍या करा सकती है। इसका इल्‍जाम मुसलमानों पर डाल दिया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि मैंने प्रवीण तोगड़‍िया को भी सुरक्षा देने की बात कही थी।

नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आइएमसी प्रमुख ने 17 जून को जुमे के दिन बरेली के इस्‍लामियां मैदान पर प्रदर्शन का एलान किया है। इसमें उन्‍होंने महिलाओं और बच्‍चों से भी शामिल होने की अपील की है।हालांकि प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सोमवार को एडीजी राजकुमार ने कह दिया कि बिना अनुमति किसी ने प्रदर्शन किया तो कड़ी कार्रवाई होगी। गैंगस्टर भी लगाया जा सकता है। वहीं, आइएमसी का कहना है कि अनुमति का प्रार्थना पत्र दिया है। इस पर प्रशासन निर्णय ले लेकिन, 17 का कार्यक्रम स्थगित नहीं होगा।

इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल (आइएमसी) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां ने 11 जून को घोषणा की थी कि शुक्रवार 17 तारीख को जिले के मुसलमान अपनी पत्नी, बच्चों के साथ इस्लामिया मैदान पहुंचें। सोमवार को उन्होंने कहा कि हम लोग प्रदर्शन करने नहीं जा रहे। हर परिवार के तीन-चार सदस्य दुआ मांगते हुए इस्लामिया मैदान तक पहुंचेंगे। वहां से तुरंत ही वापसी हो जाएगी। जिले भर से लोग बुलाए हैं। धारा 144 के उल्‍लंघन के सवाल पर उन्‍होंने कहा कि यह प्रशासन का काम है कि मैदान में किसी को एकत्र नहीं होने दे। हम केंद्र सरकार के विरोध में सांकेतिक रूप से विरोध प्रकट करेंगे।

एडीजी ने बताया कि इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म से जानकारी मिली है कि प्रदर्शन में महिलाओं व बच्चों को साथ लेकर इस्लामिया ग्राउंड पहुंचने का एलान किया गया है। किसी भी प्रदर्शन में बच्चों को शामिल करना अपराध है। वहीं एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि पुपप्रकरण के बाद आपत्तिजनक पोस्ट पर अब तक जिले में पांच मुकदमे दर्ज किये जा चुके हैं। इनमे कोतवाली, प्रेमनगर, बारादरी, भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई हैं। दो आरोपित रेहान व प्रदीप कुमार देवल उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसएसपी ने कहा कि इंटरनेट मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें