यूक्रेन पर रूस के हमला करने के ऐलान के बाद वहां फंसे उत्तराखंड के कई स्टूडेंट्स के संबंधियों की जान हलक में आ गई है. यूक्रेन के अलग-अलग शहरों में उत्तराखंड के कई स्टूडेंट्स एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं. रुद्रपुर, पिथौरागढ़ और देहरादून जैसे शहरों के कई छात्र यूक्रेन में जारी संकट के चलते वहीं फंस गए हैं. वहां से उनको भारत में लौटने का साधन भी नहीं मिल पा रहा है. सीएम पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि राज्य सरकार, विदेश मंत्रालय के संपर्क में लगाातर है ताकि यूक्रेन में फंसे स्टूडेंट्स को भारत में जल्द से जल्द लाया जा सके.
रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव के चलते इंटरनेशनल फ्लाइट्स के ऑपरेशन पर भी असर पड़ा है. खबरें हैं कि कीव के हवाई अड्डे पर रूस ने धावा बोलकर कब्ज़ा कर लिया है. इस तनाव की वजह से यूक्रेन की लगभग सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स बाधित हो चुकी हैं. एयर इंडिया और भारत से जुड़ी अन्य उड़ानें भी फिलहाल बाधित बताई जा रही हैं. इस बीच, उत्तराखंड के छात्रों के कई पैरेंट्स ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई है.|













