कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को जल्द 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्य सचिव आरके तिवारी ने राज्य आपदा प्रबंधन की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में अधिकारियों को इस बाबत दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए कार्यवाही में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
इसके अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य आपदा मोचक बल (एसडीआरएफ ) की तीन अतिरिक्त कंपनियों के लिए आवश्यकता के दृष्टिगत विशेष उपकरणों व वाहनों की खरीद के लिए राज्य आपदा मोचक निधि से वांछित धनराशि उपलब्ध कराई जाए। बैठक में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रस्ताव पर प्रदेश के सभी 855 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए राज्य आपदा मोचक निधि से 17,100 आक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदने की मंजूरी दी गई।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव राजस्व मनोज कुमार सिंह, सचिव राजस्व रणवीर प्रसाद सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।









