बाराबंकी : केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्यमंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार जिले में पहुंचे केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर का भाजपाइयों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, परिवारवाद, तुष्टीकरण एवं गुंडाराज हासिए पर चला गया है। यहां विकासवाद की लहर चल रही हैं। जबरन मतांतरण कराने वालों पर नकेल कसी जा रही है।
बछरावां कस्बा होते हुए दोपहर को मंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा पोखरा चीनी मिल पहुंची। यहां सांसद उपेंद्र रावत, विधायक बैजनाथ रावत एवं जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। पुलिस चौकी के निकट पूर्व विधायक सुंदरलाल दीक्षित ने स्वागत किया। हैदरगढ़ और हरख की जनसभा में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को विश्व का सिरमौर बनाने में जुटे हैं। कोरोना महामारी के दौरान संपूर्ण लाकडाउन लगाकर एवं रिकार्ड समय में टीकाकरण शुरू करवाकर उन्होंने मानवता को बचाने के लिए काम किया है। साथ ही देश का कोई गरीब भूख से न मरे इसके लिए करोड़ों परिवारों को मुफ्त राशन वितरण भी सुनिश्चित किया। कहा, हर खेत को पानी, हर किसान की खुशहाली के लिए किसान सम्मान निधि देने का काम किया।
जनधन योजना के तहत करोड़ों खाते खुलवाकर भ्रष्टाचारियों एवं बिचौलियों से आम आदमी को राहत पहुंचाई है। उन्होंने गरीबों एवं वंचितों को समर्पित योजनाओं में आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास, निश्शुल्क बिजली कनेक्शन जैसी कई योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने हैदरगढ़ के औसनेश्वर महादेव मंदिर पूजन भी किया। शहर के गुरुद्वारा में भाजपा नेता सरदार चरनजीत सिंह के नेतृत्व में सरदार भूपेंद्र सिंह, नवीन सिंह राठौर, रविदर पाल सिंह, बलराज सिंह बब्लू, मनमीत सिंह, राजदीप सिंह नवल, हरप्रीत सिंह ने पगड़ी पहनाकर व अंग वस्त्र भेंटकर स्वागत किया।
रिपोर्ट – सुधीर शर्मा









