उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही जैसे ही आज सुबह 11 बजे शुरू हुई, नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी ने महंगाई पर चर्चा की मांग की। सपा के सदस्यों ने सदन में हंगामा शुरू किया। सपा के सदस्य वेल में आकर हंगामा करने लगे। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह कार्यवाही का हिस्सा नहीं होगा। हंगामे को देखते हुए सदन की कार्यवाही 40 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
बसपा ने भी महंगाई पर नियम 311 के तहत चर्चा की मांग की। सरकार ने चर्चा से इनकार किया। इससे बसपा के सदस्य सदन से बाहर निकल गए। मीडिया से बात करते हुए बसपा नेता गुड्डू जमाली ने कहा कि सपा के सदस्यों के हंगामा के चलते सदन स्थगित किया गया। इससे चर्चा नहीं हो पाई। सरकार भी चर्चा नहीं करना चाहती। लिहाजा सपा के हंगामे से सरकार को मदद मिली है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि साढ़े चार साल में सरकार के बारे में पब्लिक का परसेप्शन बदला है। हमारी सरकार ने फरवरी में 5,50,000 करोड़ रुपये से अधिक का आम बजट पेश किया था। उसके हिसाब से यह बहुत छोटा 7301 करोड़ से ज्यादा का अनुपूरक बजट है। आंगनबाड़ी चौकीदारों के मानदेय में वृद्धि,गोवंश रखरखाव, अयोध्या में पार्किंग की व्यवस्था,बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर में इजाफे की घोषणा की गई।









