उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल जोड़तोड़ में बिजी हैं. वहीं, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रतापगढ़ के कुंडा के बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप उर्फ राजा भैया ने गठबंधन को लेकर पहली बार बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ किया है कि उनकी पार्टी अकेले अपने दम पर 2022 विधानसभा चुनाव लड़ेगी. इसे साथ राजा भैया ने कहा कि जनसत्ता दल के प्रत्याशी के दम पर हम चुनाव लड़ेंगे. साथ ही भाजपा और सपा समेत अन्या दलों के साथ गठबंधन को लेकर महीनों से चल रहे कयास को राजा भैया ने सिरे से खारिज कर दिया है.
राजा भैया के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में सियासत तेज हो गयी है. इसके अलावा मीडिया से बात करते हुए राजा भैया ने कहा कि जिस भी विधानसभा क्षेत्र में अच्छे और मजबूत प्रत्याशी हैं, वहीं जनसत्ता दल प्रत्याशी उतार रही है. अभी तक सिर्फ 17 सीटों पर जनसत्ता दल ने प्रत्याशी घोषित किये हैं. हालांकि अभी कई प्रत्याशियों को लेकर पार्टी में मंथन चल रहा है, जितने अच्छे प्रत्याशी मिलते जा रहे हैं, वहां के पार्टी पदाधिकारियों और जनता से राय लेकर प्रत्याशी घोषित होगा.इसके अलावा राजा भैया ने कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि अभी पार्टी कितने सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी, यह कह पाना संभव नहीं है. वहीं, जिस दिन आखिरी प्रत्याशी घोषित होगा उस दिन हम सीट की पूरी संख्या बताएंगे. जनसत्ता दल और प्रत्याशी अपने दम पर विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे.
राजा भैया ने दल-बदल की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़े सौभाग्य से जनता के आशीर्वाद से विधानसभा की सदस्यता मिलती है. भाग्य और प्रबल हो तो सत्ता पक्ष में आते हैं और भाग्य थोड़ा और अच्छा होता है तो मंत्री बनते हैं. वहीं, मंत्री के नाते प्रदेश की जनता के लिए अधिक से अधिक सेवा करना चाहिए, लेकिन चुनाव के समय बड़ी संख्या में लोग दल-बदल करते हैं और पार्टी बदलने वाले एक लाइन ही बोलते हैं कि पार्टी अपने सिद्धांतों से भटक गई है. मुझको घुटन होने लगी है, अब यहां आकर खुली हवा में सांस ले रहा हूं. साथ ही कहा कि जब जब चुनाव होता है तब तब दल-बदल का दौर चलता है,जिसके विचार जिस पार्टी में मिले वो वहां जा सकता है.









