रायबरेली: नहर विभाग की लापरवाही के कारण धमोली माइनर की दाहिनी तरफ की पटरी गांव पूरे डिंगुर के निकट कट जाने से सैकड़ो बीघा भूमि जलमग्न होकर नष्ट हो गयी है।जिसमें नहर विभाग के कर्मचारी व अधिकारी के न पहुंचने पर ग्रामीणो के अथक प्रयास से नहर की कटी पटरी को किसी तरह बांधा गया। बताते चले कि ऊंचाहार तहसील के अन्तर्गत ब्लाक रोहनिया के गांव पूरे डिंगुर निकट शारदा सहायक नहर से निकली धमोली माइनर नहर की पटरी उफनाने के बाद पटरी का बांध दाहिनी ओर कमजोर होने के कारण कट गया।
जिसके बाद गेहूं, आलू व अन्य सीजनी फसलों को बोये हुए किसानो की फसलें जल मग्न होकर नष्ट हो गयीं। इस दौरान नहर की पटरी कटने की सूचना पर नहर विभाग के कर्मचारी से लेकर अधिकारियो तक को स्थानीय ग्रामीणो ने सूचना दी, लेकिन किसी के कानों में जूं तक नही रेंगा जिसके कारण नहर का पानी गांवो की ओर रूख करने पर ग्रामीणो ने एकत्र होकर घासफूस किसी तरह कटान पर डालकर मिट्टी से उसकी रोकथाम अस्थायी रूप से किया गया।
फसल जलमग्न होने वाले किसानों में गांव रोहनिया निवासी किसान फूलचन्द्र वर्मा की दो बीघा, रामकरन की दो बीघा, भारलाल, पारषनाथ की दो-दो बीघा, संतलाल, रामेश्वर, तीरथ की दस-दस विस्वा, रामगनेश पाल की डेड़ बीघा, छोटा पाल की एक बीघा आदि कई किसानो का गेहूं, आलू व अन्य सीजनी फसले जलमग्न होने पर मुआवजा की मांग किसानों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियो से की गयी है।
रिपोर्ट : रामसुमेर









