राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन से किया सफर, विजिटर बुक में लिखा ये खास संदेश

Facebook
X
WhatsApp

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। वह ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं। रविवार को राष्ट्रपति अपने पैतृक गांव भी गए थे। आज वह राजधानी लखनऊ में हैं। राष्ट्रपति ने भारतीय रेल और रेल सेवा में सक्रिय अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं हैं। इस पर रेल मंत्री पीयूष गोयल ने राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का संदेश समस्त रेलपरिवार को प्रोत्साहित करने वाला है।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने लखनऊ की यात्रा पूरी करने के बाद विशेष महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन की आगंतुक पुस्तिका में लिखा, ”हिमालय की दुर्गम पर्वत श्रृंखलाओं से लेकर कन्याकुमारी के समुद्र तट तक और पूर्वोत्तर भारत की हरी भरी धरती से गुजरात के पश्चिमी मरुस्थलों तक सरल, सुगम यातायात प्रदान करने वाली भारतीय रेल को मेरी शुभकामनाएं।”

राष्ट्रपति ने आगे लिखा, ”लंबे समय बाद दिल्ली से कानपुर होते हुए लखनऊ तक की सुखद और मनोरम रेल यात्रा से मैं और मेरा परिवार अत्यंत प्रभावित है। इस स्मरणीय यात्रा में मुझे रूरा एवं झींझक में अपने पुराने मित्रों एवं सगे संबंधियों से मिलने का सुखद अनुभव प्राप्त हुआ। मेरा पूर्ण विश्वास है कि प्रतिदिन करोड़ों भारतीयों की प्रिय परिवहन सेवा के रूप में भारतीय रेल विश्व भर की रेल सेवाओं में अग्रणी स्थान बनाये रखेगी। भारतीय रेल की सेवा में सक्रिय पूरी टीम को मेरा साधुवाद एवं शुभकामनाएं।”

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद द्वारा लिखे इस संदेश की तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया, ”महामहिम राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द जी का संदेश समस्त रेलपरिवार को प्रोत्साहित करने वाला है। मुझे खुशी है कि आपकी रेलयात्रा का अनुभव सुखद रहा। मैं विश्वास दिलाता हूं कि करोड़ों भारतवासियों की सेवा में हम इसी प्रकार जुटे रहेंगे, और सदैव आपका भरोसा बनाये रखेंगे।”

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें