कांग्रेस कार्यकर्ता पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को वापस लेने की मांग और मंहगाई के खिलाफ आज पेट्रोल पंपों पर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लखनऊ में प्रदर्शन से पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को नजरबंद कर दिया गया है। लल्लू के साथ कई कांग्रेस नेताओं को भी नजरबंद करने की खबर है। घरों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। यूपी कांग्रेस ने ट्वीट करते कहा, ‘पेट्रोल और डीजल की महंगाई को लेकर देशव्यापी प्रदर्शन में जा रहे प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू को तानाशाही सरकार ने प्रर्दशन से पहले ही नजरबंद कर दिया है, योगी जी पुलिस के दम पर सरकार चलाना बंद करो, चाहे जितनी पुलिस लगा लो जनता के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
दरअसल, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को तेल कंपनियों ने एक बार फिर से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। आज पेट्रोल 29 पैसे प्रति लीटर और डीजल 28 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली कांग्रेस ने कहा, ”कोरोना काल में आपदा को अवसर बनाकर केंद्र की मोदी सरकार और दिल्ली की केजरीवाल सरकार लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों पर नियंत्रण करने की बजाय भारी भरकम टैक्स वसूलकर लोगों की जेब पर डाका डाल रही है।”
कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से सवाल पूछा है। प्रियंका गांधी ने पूछा आखिर क्यों सरकार जनता को लूट रही है? प्रियंका ने शुक्रवार को फेसबुक पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 101 डॉलर/बैरल थी, उस समय देश में पेट्रोल डीजल के दाम पेट्रोल: 63.99 रू/ लीटर, डीजल: 50.25 रू/ लीटर, आज अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 69.79 डॉलर बैरल हैं, लेकिन पेट्रोल डीजल के दाम पेट्रोल: 95.31 रू/लीटर, डीजल: 86.22 रू/लीटर। प्रियंका ने कहा कि आखिर क्यों सरकार जनता को लूट रही है?













