लखनऊ विकास प्राधिकरण के हर जोन में बनेगा शव दाह गृह, वीसी ने दिया आदेश

Facebook
X
WhatsApp

कोविड 19 की दूसरी लहर में आई परेशानियों के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण अब हर जोन में विद्युत शवदाह गृह बनाएगा. इसके तहत एक विद्युत शवदाह गृह बसंत कुंज योजना तथा दूसरा कानपुर रोड योजना में बनेगा. एलडीए के वीसी ने गुरुवार को इसके निर्देश दिए.वीसी ने सभी सात जोन के अधिशासी अभियंताओं से कहा है कि विद्युत शवदाह गृह बनाने के लिए जमीनों को चिह्नित किया जाए.

हर जोन में विद्युत शवदाह गृह की संभावना पर एक रिपोर्ट बनाकर भी अधिशासी अभियंता देंगे. इसके बाद इनको लगाए जाने का काम शुरू कर दिया जाएगा.अभी नगर निगम के पास दो विद्युत शवदाह गृह हैं. इनमें से एक भैसा कुंड बैकुंठ धाम में तथा दूसरा गुलाला घाट पर बनाया गया है. पांच और बनने के बाद राजधानी में कुल सात विद्युत शवदाह गृह हो जाएंगे.विद्युत शवदाह गृह का निर्माण कराने के बाद एलडीए इसे संचालन के लिए नगर निगम को सौंप देगा.

एलडीए वीसी ने इनके निर्माण के लिए प्राधिकरण के इंजीनियरों को तत्काल जमीन तलाशने का निर्देश दिया है. इनका निर्माण अवस्थापना निधि से किया जाएगा.बता दें कि अप्रैल व मई महीने में कोरोना संक्रमण से हुई मौतों के बाद शवों के दाह संस्कार में भारी दिक्कतें आई थीं. श्मशान घाटों पर कतारें लग गई थीं. लोगों को दाह संस्कार में कई कई घंटे लग गए. भविष्य में इस तरह की दिक्कतें न हों, इसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने योजना तैयार की है. वीसी का कहना है कि जिन अपार्टमेंट में 50 फीसदी से अधिक रिहाइश हो गई है। वहां भी न्यूनतम एक पार्क का विकास एलडीए कराए। इसके अलावा बसंतकुंज योजना में भी विकास कार्य तेज करने के लिए वीसी ने कहा है। यहां राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड एलडीए जल्द बनाएगा।

वहीं कैटल कॉलोनी की समस्या को भी जल्दी दूर कर वहां बंधा रोड के अधूरे काम को पूरा कराने के लिए इंजीनियरों व अधिकारियों को कहा गया है। कामों को कोविड नियमों का पालन करते हुए शुरू कराने के लिए भी वीसी ने कहा है। बैठक में सचिव पवन गंगवार के अलावा मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह व अन्य अधिशासी अभियंता व अधिकारी मौजूद रहे।

 

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें