लखीमपुर खीरी हिंसा के गवाह दिलबाग सिंह पर जानलेवा हमला, बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

Facebook
X
WhatsApp

लखीमपुर कांड के अहम गवाह किसान दिलबाग सिंह पर मंगलवार रात जानलेवा हमला हुआ है। दिलबाग सिंह की कार पर बाइक सवार बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि अचानक हुए इस हमले में दिलबाग सिंह बाल-बाल बच गए।
मामला लखीमपुर खीरी के गोला कोतवाली क्षेत्र के अलीगंज का है। बताया जा रहा है कि जब मंगलवार देर रात भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष दिलबाग सिंह निजी वाहन से लखीमपुर से वापस अपने घर जा रहे थे। उसी दौरान दो बाइक सवार हमलावरों ने पहले उनकी कार के अगले टायरों पर गोली मारकर पंचर कर दिया। उसके बाद कार के करीब जाकर तीन राउंड ताबड़तोड़ गोली चलाई।
हालांकि, गनीमत रही कि दिलबाग सिंह को एक भी गोली नहीं लगी। फायरिंग करने के बाद अंधेरे का फायदा उठाते हुए हमलावर मौके से फरार हो गए।

इस पूरे मामले में जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, तिकुनिया कांड मामले में दिलबाग सिंह अहम गवाह हैं, लेकिन देर रात उनके साथ कोई भी सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था, जबकि अदालत ने सभी गवाहों को पर्याप्त सुरक्षा देने का निर्देश दिया है। ऐसे में कहीं न कहीं उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है।

दिलबाग सिंह ने इस बात की सूचना पुलिस के अधिकारियों को दी है। उन्होंने मामले की तहरीर गोला कोतवाली में दी है। उन्होंने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस किसी भी हमलावर को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दिलबाग सिंह पर हमला करने वाले सलाखों के पीछे होंगे। बता दें कि लखीमपुर कांड में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा मुख्य आरोपी है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें