लखनऊ में पांच बाजार ऐसे होंगे, जहां घूमने का एक अलग ही आनंद होगा। खास यह होगा कि यहां युवाओं के आकर्षण का केंद्र फ्री वाई-फाई की सुविधा होगी। अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में महापौर संयुक्ता भाटिया यह सुविधा देने जा रही हैं। सभी प्रमुख बाजारों को इस योजना में शामिल किया गया है। बाजार ऐसे होंगे, जहां किसी को टायलेट जाने के लिए दुकानदार से मदद न मांगनी पड़े। माडल बाजार बनाने में स्थानीय नागरिकों का भी सहयोग लिया जाएगा, जिससे वहां पर बाद में अव्यवस्था न फैले।
इन बाजारों को खूबसूरत बनाने के लिए एलइडी स्ट्रिप लाइटों को भी लगाया जाएगा। नगर निगम इसकी कार्ययोजना पर काम चालू करने जा रहा है। इसे लेकर महापौर संयुक्ता भाटिया ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश देने के साथ ही योजना पर मंथन किया। महापौर ने बताया कि पांच माडल बाजारों को चमकाने की योजना कल से चालू हो जाएगी। वाईफाई फ्री उपलब्ध कराने के साथ ही खम्बों और पेड़ों पर एलइडी स्ट्रिप लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर ने बताया कि माडल बाजारों में अमीनाबाद बाजार, आलमबाग मार्केट, भूतनाथ मार्केट, चौक बाजार, यहियागंज बाजार को चयनित किया गया है। इन बाजारों में प्रचार के लिए एलइडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी, जिससे हर किसी को साफ सफाई के लिए जागरुक भी किया जा सके और दुकानदार भी शुल्क देकर प्रचार करा सकेंगे। इन बाजारों में महिला व पुरुष शौचालय और हेल्थ एटीएम का कार्य भी शुरू हो गया है।
यहां होती सबसे अधिक भीड़ : अमीनाबाद में सबसे अधिक भीड़ होती है, लेकिन यहां नागरिक सुविधाओं का अभाव है। शहर ही नहीं बाहरी जिलों से भी लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं तो दूसरी तरफ यहियागंज बाजार में तो कई जिलों के व्यापारी खरीदारी करने आते हैं। पुराने बाजारों में चौक भी है लेकिन हकीकत यह है कि यहां पर जगह-जगह बदहाली देखने को मिल जाएगी, जबकि यहां पर बड़ा सराफा बाजार भी है।









