एक बहू को घर से इसलिए निकाल दिया गया क्योंकि उसने ससुरालवालों से शौचालय की मांग कर दी थी। मामला बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर के एक गांव का है। महिला का कहना है कि उसे शौच के लिए घर से बाहर जाना पड़ता था। इस वजह से वह बार-बार ससुरालवालों से शौचालय बनवाने को कहा तो उसके पति ने घर से निकाल दिया। महिला का कहना है कि पति ने कहा कि पिता से पैसे मांग कर लाओ, फिर शौचालय बनेगा।
आपको बता दे की महिला का नाम काजल है। काजल ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई है। महिला ने थाने में दिए गए आवेदन में कहा है कि ससुराल में शौचालय नहीं था। शादी के बाद जब वह अपने ससुराल आयी तो शौचालय बनवाने की जिद की। उसका कहना है कि उसकी मांग ना तो पति ने सुनी और ना ही किसी और ने। उसका आरोप है कि उसको घर से निकाल दिया गया। पति ने कहा कि अपने पापा से पैसे लेकर आओ फिर शौचालय बनेगा।
ससुराल से निकाले जाने के बाद काजल थाने पहुंची और ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवायी। काजल ने ससुराल वालों के खिलाफ शौचालय के साथ-साथ दहेज प्रताड़ना की धारा के साथ केस दर्ज किया है। काजल ने कहा कि घर में शौचालय नहीं होने के कारण उसे खुले में शौच के लिए जाना पड़ता था, जिसमें उसको काफी शर्मींदगी महसूस होती थी। काजल की एक साल की बेटी भी है और वह बेटी के साथ अपने मायके में रह रही है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस बाबत जब हाजीपुर के सदर एसडीपीओ राघव दयाल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि महिला ने आरोप लगाया है कि ससुराल में जब उसने शौचालय बनाने की मांग की, तो उसको प्रताड़ित किया गया। इसको लेकर उसे एफआईआर दर्ज करवायी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








