उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को लेकर देश की सुरक्षा एजेंसियां हमेशा सतर्क रहती हैं। वहीं उनको लोकप्रियता के चलते कई बार सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलती रहती है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल के रानीगंज से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस आरोपित को यूपी पुलिस अपने साथ लेकर लखनऊ चली गई है। बताया जा रहा है कि आरोपित युवक ने रानीगंज से ट्विटर पर सीएम योगी आदित्यनाथ को अपशब्द कहा था और साथ ही धमकी भी दी थी।
बताया जा रहा है कि लखनऊ पुलिस ने आरोपित की खोजबीन करने के बाद पश्चिम बंगाल के रानीगंज रेलवे स्टेशन के पास से मोहम्मद नौशाद नाम के युवक को हिरासत में ले लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपित नौशाद सड़क किनारे बैठकर बटन बेचता है। साथ ही यह भी जानकारी मिली है कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आसनसोल कोर्ट में युवक को पेश किया था, जिसके बाद यूपी पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ ले गई। बताया जा रहा है कि आरोपित ट्विटर का इस्तेमाल करता है इसलिए यूपी पुलिस को गहरी साजिश लग रही है।
दरअसल, लखनऊ पुलिस को इस बात का शक है कि मोहम्मद नौशाद सड़क के किनारे केवल फेरी लगाने वाला सामान्य शख्स नहीं है। ट्विटर का इस्तेमाल करने के बाद लखनऊ पुलिस को उसपर शक है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूपी पुलिस के अधिकारियों ने रानीगंज थाना पुलिस को बताया कि बीते 5 नवंबर को आरोपित ने अपने ट्विटर अकाउंट से पीएम मोदी और सीएम योगी को जान से मारने की धमकी दी थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यूपी पुलिस ने ट्वीटर कंपनी से आरोपित के ट्वीट की जांच करवाई। इसके बाद ट्विटर ने आरोपित की पहचान की। इसके बाद से लखनऊ पुलिस मोहम्मद नौशाद के मोबाइल लोकेशन को लगातार ट्रैक करती रही। हालांकि, नौशाद लगातार ठिकाना बदल रहा था। इस कारण पुलिस उसकी घेराबंदी नहीं कर पा रही थी। लखनऊ पुलिस ने जब उसे लगातार रानीगंज में रहते पाया तब उसे गिरफ्तार किया।









