सपा नेता मनुरोजन यादव समेत तीन आरोपिताें पर इनाम बढ़ाने की तैयारी

Facebook
X
WhatsApp

चौरी चौरा में बवाल कराने वाले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति व सपा नेता मनुरोजन यादव समेत तीन आरोपितों पर इनाम बढ़ाने की तैयारी चल रही है।56 नामजद आरोपितों में अभी तक 13 की ही गिरफ्तारी हो पाई है। शेष लोगों ने घर छोड़ दिया है।दबाव बनाने के लिए पुलिस आसपास के जिलों में रहने वाले रिश्तेदार व परिचितों के यहां दबिश दे रही है।

खोराबार के मिर्जापुर गांव निवासी मनुरोजन यादव मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार है। 26 मार्च की रात में चौरी चौरा, झंगहा, खोराबार के साथ ही कैंट व रामगढ़ताल थाने की टीम घर पहुंची लेकिन वह नहीं मिला।एसएसपी ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति के साथ ही सपा के चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष नरसिंह यादव व उसके सहयोगी अरविंद यादव पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है।

गिरफ्तारी के लिए गठित हुई पुलिस की 10 टीम नामजद आरोपितों की तलाश में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज के साथ ही लखनऊ में छापेमारी कर रही है। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बताया कि आरोपितों की तलाश चल रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह है मामला
झंगहा थाना क्षेत्र के राघोपट्टी गांव निवासी सेना के जवान धनंजय की सिक्किम में मौत हो गई। सम्मान न मिलने का आरोप लगा स्वजन के साथ ही सपा नेताओं ने 25 मार्च को चौरी चौरा के भोपा बाजार में जवान का शव रखकर जाम लगा दिया था। सात घंटे तक चले जाम के दौरान सपा नेताओं ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव करने के साथ ही गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी थी। इस मामले में सात एफआइआर दर्ज है।जिसमें 56 नामजद और 200 अज्ञात लोग आरोपित है।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा पिता का वीडियो
इंटरनेट मीडिया पर जवान के पिता का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें जिलाधिकारी के आश्वासन देने पर धनंजय के पिता जाम लगाने वालों से अपील कर रहे हैं कि सड़क से हट जाइए। आप लोगों ने पूरा सहयोग दिया जिसके लिए आभारी हूं। अब हंगामा मत करिए। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक जिसके सिर पर लाल टोपी है, धनंजय के पिता से माइक यह कहते हुए छीन लेता है कि जब तक इंसाफ नहीं मिल जाता हम नहीं हटेंगे। इसके कुछ देर बाद ही उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें