पंजाब के मशहूर सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और पुलिस ने शूटर्स को गाड़ियां मुहैया कराने वाले केकड़ा नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है. पुलिस इसे बड़ी कामयाबी मान रही है और मानसा पुलिस केकड़ा से पूछताछ कर रही है.
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के संबंध में पंजाब पुलिस ने अब तक चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. मानसा पुलिस ने शूटर्स को गाड़ियां मुहैया कराने वाले केकड़ा को गिरफ्तार किया है. इससे पहले पुलिस ने रविवार शाम को हरियाणा के फतेहाबाद से दविंदर उर्फ काला को पकड़ा था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि हत्या में शामिल दो संदिग्ध कथित रूप से काला के साथ थे.
आपको बता दे की इससे पहले पंजाब पुलिस ने तीन जून को फतेहाबाद से संदिग्ध को पकड़ा था और मूसेवाला की हत्या में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस ने मूसेवाला ही हत्या के दो दिन बाद मंगलवार को इस मामले में पहली गिरफ्तारी की थी. गिरफ्तार आरोपी मनप्रीत सिंह पर हमलावरों को साजो-सामान मुहैया कराने का आरोप है.
पंजाब पुलिस के मुताबिक, सिद्धू मूसेवाला की हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ था. गिरोह के सदस्य और कनाडा में रह रहे गोल्डी बराड़ ने मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली है.
पंजाब सरकार द्वारा सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा में कटौती किए जाने के एक दिन बाद यह घटना हुई. मूसेवाला उन 424 लोगों में शामिल थे, जिनकी सुरक्षा पंजाब पुलिस ने अस्थायी रूप से हटा दी थी या कम कर दी थी.
मूसेवाला के परिवार से मुलाकात कर सकते हैं राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला के गांव जाकर उनके परिवार से मुलाकात कर सकते हैं. पार्टी सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी मानसा जाकर कांग्रेस के दिवंगत नेता सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मुलाकात कर सकते हैं.









