योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री पद की शपथ लिए एक महीना पूरा हो चुका है. योगी सरकार 2.0 में कई अहम फैसले लिए जा चुके हैं और लगातार विभिन्न क्षेत्रों में किस तरह से विकास कार्य हो सकते हैं, उनपर रणनीति तैयार की जा रही है. अलग-अलग विभाग के मंत्री अपने क्षेत्रों में कार्यव्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं तो वहीं खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कई बड़े मुद्दों का संज्ञान लेते हुए फैसले करते नज़र आ रहे हैं.
सत्ता संभालने के तुरंत बाद पहली कैबिनेट बैठक में सीएम योगी ने यूपी के गरीब परिवारों को इस साल सितंबर तक मुफ्त राशन योजना जारी रखने का फैसला किया था. पहले ये योजना इस साल मार्च तक ही थी. योगी के इस फैसले के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने भी योजना को पूरे देश में सितंबर तक जारी रखने का ऐलान किया था.
अपराधियों, खासकर भूमाफियाओं के खिलाफ योगी के बुलडोजर ने भी पिछले एक महीने में अपनी धमक जमकर कायम की. मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 20 दिनों में 100 से ज्यादा अपराधियों और माफियाओं पर गरजे बुलडोजर ने 200 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की अवैध संपत्ति ध्वस्त या जब्त की है. इनमें से 25 माफिया डीजीपी ऑफिस और 8 शासन की तरफ से चिह्नित किए गए थे. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने मुख्यमंत्री आवास पर जनता दर्शन की वापस शुरुआत की.









