सीतापुर : शारदा व सरयू नदी के जलस्तर बढ़ने से 25 बीघा जमीन व एक घर कटान में समाया

Facebook
X
WhatsApp

सीतापुर : रामपुर मथुरा तराई इलाके में बह रही शारदा व सरयू नदी के जलस्तर में बुधवार को कुछ वृद्धि हुई है। हालांकि इससे कहीं किसी गांव के अंदर पानी नहीं पहुंचा है। वहीं कटान से एक घर व 25 बीघा परती जमीन कट गई है। जिला प्रशासन प्रभावित इलाके पर बराबर नजर बनाए हुए है।

बिसवां तहसील में बह रही शारदा व सरयू नदी के जलस्तर में बुधवार को कुछ इजाफा हुआ है। इससे नदियों का जलस्तर थोड़ा बढ़ गया है। कई स्थानों पर नदियों का कटान भी तेज हो गया है। पासिनपुरवा में डॉक्टर खुशी का आवास कटान में कट गया, हालांकि इन्होंने पहले ही गांव छोड़ दिया था। इसके अलावा पासिनपुरवा से परमेश्वरपुरवा तक परती करीब 25 बीघा जमीन कटान में समा गई है।

यहां पर नदियों का तेजी से कटान चल रहा है। चौकी पुरवा, म्योढ़ी छोलहा, दुर्गापुरवा गांव के समीप नदी का पानी पहुंच चुका है। अभी संपर्क मार्गों व गांव के अंदर पानी नहीं पहुंचा है। तहसीलवार अभिचल प्रताप सिंह ने बताया कि प्रभावित इलाकों पर बराबर नजर बनाए रखी जा रही है। जलस्तर में कोई खास बढ़ोत्तरी नहीं हुई है।

महमूदाबाद तहसील के अखरी, अंगरौरा, शुकुलपुरवा, बगस्ती में भी जलस्तर में वृद्धि हुई है, लेकिन नदियों का पानी अभी गांवों से दूर बना हुआ है। अधिशाषी अभियंता, सिंचाई विशाल पोरवाल ने बताया कि बुधवार को घाघरा से 1.37 लाख व शारदा बैराज से 1.42 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। अभी बाढ़ के कोई आसार नहीं है। जलस्तर में कोई खास इजाफा नहीं हुआ है। बाढ़ राहत के कार्य बराबर चल रहे हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें