नवादा : बिहार के नवादा में दहेज की खातिर एक विवाहित महिला को जला कर मार डालने का मामला सामने आया है. घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के महरथ गांव की है. आरोप है कि दहेजलोभी ससुरालवालों ने रूपये और स्कॉर्पियो गाड़ी के लिए महिला को जिंदा जला कर उसे मार डाला. मृतक की पहचान कृष्णा कुमार की पत्नी कोमल कुमारी के रूप में हुई है. ससुरालवालों ने महिला के मायके में खबर भेजी कि खाना बनाने के दौरान प्रेश कुकर फटने से कोमल झुलस गई थी, जिसके बाद उसको आनन-फानन में पावापुरी में भर्ती करवाया गया था. जहां इलाज़ के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई.
घटना के संबंध में लखीसराय जिला के कजरा थाना क्षेत्र के अरमा बंसीपुर निवासी मृतका के भाई राहुल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को उसके मोबाइल पर उसके बहनोई (जीजा) ने फोन कर बताया कि खाना बनाने के दौरान कुकर फटने से उसकी बहन जल गई है, जिसको लेकर वो लोग विम्स अस्पताल जा रहे हैं. यह ने के बाद राहुल जब अपने सहयोगियों के साथ अस्पताल पहुंचा तो ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन के एक साल के बेटे को लेकर फरार हो चुके थे. राहुल ने बताया कि एक मई, 2019 को कोमल कुमारी की शादी कृष्णा कुमार से हुई थी. शादी में उनके परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दी थी. लेकिन इसके बाद भी उसकी बहन के ससुरालवाले उस पर हर बार मायके से कुछ ना कुछ उपहार लाने के लिए दबाव डालते थे.
राहुल ने बताया कि पिछले वर्ष जब उसकी शादी हुई तो उसके जीजा ने उनसे स्कॉर्पियो का डिमांड कर डाली. इसे पूरा नहीं करने पर उसके जीजा और ससुरालवालों के द्वारा उसके बहन के साथ मारपीट की गई थी. मामला सामने आने के बाद आरोपी ससुरालवाले घर छोड़ कर फरार हो गए हैं.
मृतका के भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए उसकी बहन को जिंदा जलाकर मार देने का आरोप लगाया है. उसने शाहपुर थाना में आरोपी ससुरालवालों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है









