‘तू रमता जोगी’, ‘लाइ वी नी गई’, ‘जिंदगी में कोई कभी आए न रब्बा’ जैसे कई हिट गाने देने वाले सिंगर सुखविंदर सिंह अपनी सुरीली आवाज से लोगों का दिल जीत चुके हैं. जल्द ही वह अपनी भक्ति संगीत वीडियो ‘हनुमान चालीसा’ में नजर आने वाले हैं, जिसकी शूटिंग देश की आध्यात्मिक राजधानी काशी के चेतसिंह किला परिसर पर चल रही है. इसकी शूटिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, तो सुखविंदर सिंह विवादों में फंस गए. सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें खरीखोटी सुनानी शुरू की, जिसके बाद उन्होंने इस मामले पर सफाई भी दी है।
सुखविंदर सिंह अपने अपकमिंग म्यूजिक वीडियो ‘हनुमान चालीसा’ के शूट के दौरान जूते पहने दिखाई दिए, जिसके बाद वो लोगों के निशाने पर आ गए. सुखविंदर सिंह ही नहीं उनके साथ उनके दर्जनों को-आर्टिस्ट भी पैरों में जूते पहने नजर आए, जिसको देख लोगों की भावनाएं आहत हो गईं. लोग इसे हिंदू धर्म का अपमान मान रहे हैं।
मामला बढ़ता देख सुखविंदर ने लोगों को सफाई दी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कहा, ‘अगर ऐसा करने से किसी की भावना कम होती है तो साबित कर के दिखाइए. हमारा मकसद भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है।
आपको बता दें कि वाराणसी में भक्ति संगीत वीडियो ‘श्री हनुमान चालीसा’ की शूटिंग काशी के संकट मोचन मंदिर, नंदेश्वर घाट, चेतसिंह किला और घाट और दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती जैसे स्थानों पर हो रही है. सुखविंदर सिंह द्वारा गाया यह भक्तिमय गीत, फास्ट फॉरवर्ड म्यूजिक की दुनिया में गहरे अर्थ को दर्शाने वाला है।
राजीव खंडेलवाल कर रहे हैं म्यूजिक वीडियो का निर्देशन
म्यूजिक वीडियो ट्रैक का निर्माण प्रवीण शाह, सगून वाघ, वायरल शाह जीत वाघ और चिराग भुवा द्वारा किया गया है, जबकि इसे राजीव खंडेलवाल द्वारा निर्देशित और लॉलीपॉप प्रधान द्वारा कोरियोग्राफ किया गया।









