हरदोईः किसान की हत्या के खुलासे में लगी चार टीमें, कई हिरासत में

Facebook
X
WhatsApp

पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ागांव में बृहस्पतिवार रात किसान की गोली मारकर अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। इस घटना में बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर है।
हत्या के खुलासे के लिए एसओजी समेत चार टीमें लगाई गईं हैं। टीमों ने अभी तक गांव के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।

गांव बूढ़ागांव निवासी रमेश सिंह (35) खेती करता था। बृहस्पतिवार देर रात वह गांव निवासी प्रेेमू के साथ बाइक से खेत देखने जा रहा था। रास्ते में बरमहुला मार्ग पर दो अज्ञात लोगों ने उसे रोक कर उसके सीने में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए थे। प्रेेमू ने घटना की सूचना परिजन को दी थी। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे थे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर सीएचसी में हंगामा किया था। सूचना मिलने पर एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी दुर्गेश सिंह भी मौके पर पहुंचे थे, और परिजनों को शांत कराया था। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। वहीं परिजनों ने किसी रंजिश से इन्कार किया था।

WhatsApp Image 2022 09 30 at 11.55.46 AM 1
एसपी ने बताया कि घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस सेल, एसओजी, क्राइम ब्रांच समेत चार टीमें लगाई हैं। घटना के चश्मदीद प्रेमू से भी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा गांव के कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिवार में पत्नी बीनू के अलावा दो बेटियां हैं।

बाला जी दर्शन को जाने से पहले चली गई जान
रमेश की पत्नी वीनू ने बताया कि पति की बालाजी के दर्शन करने की बड़ी इच्छा थी। इस बार बालाजी जाने के लिए उन्होंने पूरी तैयारी कर ली थी। शुक्रवार को उनकी रवानगी थी। इससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई। पत्नी के अनुसार उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

हंगामेे के विरोध में पांच घंटे बंद रही ओपीडी
सीएचसी में बृहस्पतिवार रात मृतक रमेश के परिजनों ने हंगामा किया था। इससे नाराज डॉक्टरों ने शुक्रवार सुबह ओपीडी बंद करके विरोध जताया। डॉक्टरों ने सीएचसी में सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराए जाने की मांग की।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घायल के आने पर तत्काल उन्होंने डॉक्टरों से साथ पहुंचकर देखा था। दिल में गोली लगने से उसकी मौत हो चुकी थी।
समय से पहुंचने के बाद भी हंगामा कर अभद्रता की गई है। उन्होंने अभद्रता करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर सीएमओ डॉ. राजेश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की। डॉक्टरों को समझाकर एक बजे के बाद ओपीडी शुरू कराई। वहीं डॉक्टरों ने कोतवाल को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें