गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज में बड़ा हादसा हुआ है. जिले के सारण गंडक मुख्य नहर पर बारातियों से भरी अनियंत्रित स्कॉर्पियो करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरी. इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन बाराती घायल हो गए. हादसा गोपालपुर थाने के उदकरा गांव के समीप हुआ. घायलों को बारातियों की दूसरी गाड़ी से गोरखपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जाता है कि सीवान नगर के निवासी कुछ लोग यूपी में एक विवाह समारोह से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान ये हादसा हुआ.
गोपालपुर थाने के सारण-गंडक मुख्य नहर पर उदकरा गांव के पास स्थित एक साइफन के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी. शुक्र था कि सारण नहर में पानी नहीं था. नहर में बालू और मिट्टी होने की वजह से घायलों को गंभीर चोट नहीं आई. मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. इस मामले में गोपालपुर के थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि स्कार्पियो में सवार तीन लोगों को मामूली चोटें लगी थीं जिन्हें उनके परिजन बेहतर इलाज कराने के लिए दूसरे गाड़ी से लेकर गोरखपुर लेकर चले गए बुधवार की सुबह क्रेन की मदद से स्कॉर्पियो को बाहर निकाला गया. पुलिस के मुताबिक यू-टर्न होने के कारण सारण नहर के साइफन पर यह हादसा हुआ. ग्रामीणों ने बताया कि यह साइफन वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक है. पिछले एक साल में यहां अब तक सात गाड़ियां नहर में गिर चुकी है. यू-टर्न होने की वजह से इस सारण नहर के साइफन पर हादसा होता है.









