रिपोर्ट- विशाल गुप्ता
UP News: नौगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से संचालित एसबीआई संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स परियोजना के तहत ठठवां गांव में विशेष स्वास्थ्य एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण विकास ट्रस्ट द्वारा संचालित इस शिविर में करीब 110 मरीजों की आंखों की जांच की गई। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शेखर कुमार ने ग्रामीणों की आंखों की जांच की। इस दौरान मोतियाबिंद, आंखों में जलन, धुंधला दिखाई देने और अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं से परेशान मरीजों का परीक्षण किया गया। चिकित्सक ने मरीजों को उनकी समस्याओं के अनुसार आवश्यक सलाह दी और आंखों की उचित देखभाल के प्रति जागरूक किया।

UP News: दूरदराज के ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की पहल
परियोजना समन्वयक विकास कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एसबीआई संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स परियोजना का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच, उपचार संबंधी मार्गदर्शन और स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक चिकित्सा संबंधी सुविधाओं के लिए दूर न जाना पड़े।
ग्रामीणों ने की पहल की सराहना
गांव में आयोजित इस शिविर से स्थानीय ग्रामीणों को काफी राहत मिली। निःशुल्क नेत्र जांच और दवाइयों की सुविधा मिलने पर ग्रामीणों ने एसबीआई फाउंडेशन तथा ग्रामीण विकास ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की और आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव में ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध होने से समय और आने-जाने के खर्च की बचत हुई। इस तरह के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।









