UP News: नीलगाय से टकराई बाइक, जंगल में घंटों तड़पता रहा घायल युवक; अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम

Facebook
X
WhatsApp

रिपोर्ट- विशाल गुप्ता

UP News: नौगढ़। चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र में नौगढ़-मंगरही मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बाइक के सामने अचानक नीलगाय आ जाने से युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जंगल के बीच मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने के कारण उसकी पत्नी काफी देर तक मदद के लिए परेशान रही। बाद में परिजनों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

अचानक सामने आ गई नीलगाय, अनियंत्रित होकर गिरी बाइक

जानकारी के अनुसार, औरारी-बबुरी निवासी मुलायम यादव (30) अपनी पत्नी बबीता के साथ बाइक से अपनी ससुराल मंगरही जा रहे थे। इसी दौरान नौगढ़-मंगरही मार्ग पर जंगल के बीच अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। बाइक की नीलगाय से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में मुलायम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

Also Read –UP News: ठठवां गांव में लगा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 110 मरीजों की हुई जांच

मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने से मदद के लिए परेशान रही पत्नी

हादसे के बाद घायल पति को अस्पताल पहुंचाने के लिए पत्नी बबीता ने मदद जुटाने की कोशिश की, लेकिन जंगल के बीच मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने के कारण वह किसी से संपर्क नहीं कर सकी। न तो पुलिस को सूचना दी जा सकी और न ही एंबुलेंस या परिजनों को बुलाना संभव हो पाया। बबीता करीब डेढ़ से दो घंटे तक परेशान रही और मदद मिलने का इंतजार करती रही।

काफी मशक्कत के बाद जब वह घटनास्थल से कुछ दूर आगे पहुंची, तब मोबाइल नेटवर्क मिला। इसके बाद उसने रोते हुए परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मुलायम यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर आए।

चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में मौजूद चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ ने जांच के बाद मुलायम यादव को मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी बबीता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों का भी दुख से बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार, मुलायम यादव का विवाह करीब आठ वर्ष पहले हुआ था। उनका छह वर्षीय बेटा जय है। पिता की असमय मौत से मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया है। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Also Read –Priyagold Biscuit Ban: जिस बिस्किट को भारत में लेकर मचा बवाल! अब नेपाल ने भी लगाया बैन, आखिर ऐसा क्या मिला?

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर चकरघट्टा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

जंगल के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे के बाद स्थानीय मार्गों पर जंगली जानवरों की अचानक आवाजाही और दूरदराज के इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण आपात स्थिति में मदद पहुंचने में होने वाली देरी को लेकर भी चिंता सामने आई है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें