Lucknow Triple Murder: लखनऊ तिहरे हत्याकांड में बड़ा एक्शन ,आरोपी के घर पर चला बुलडोजर !

Facebook
X
WhatsApp

Lucknow Triple Murder: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता में पार्किंग और चबूतरे के विवाद में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर को सील कर दिया गया और कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके पिता, चाचा और बहनों को गिरफ्तार किया है।

आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

घटना के बाद मंगलवार रात लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की प्रवर्तन टीम भारी पुलिस बल के साथ मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर पहुंची। कार्रवाई के दौरान नजूल की जमीन और सड़क पर कब्जा कर किए गए कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इसके साथ ही मकान को चारों तरफ से सील कर दिया गया।

बताया गया कि परिवार की ओर से निर्माण से संबंधित वैध नक्शा या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके अलावा पुलिस टीम क्रेन की मदद से आरोपी की कार को सआदतगंज थाने ले गई।

डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार

तिहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अन्य मांगों को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया तथा अशरफाबाद चौराहे पर जाम लगा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मंगलवार शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात कर बातचीत की। उन्होंने परिवार के एक सदस्य को नगर निगम में नौकरी देने और मृतक शंभू तिवारी की बेटी की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुलालाघाट पर तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अर्थी को कंधा दिया। उनके साथ भाजपा नेता नीरज सिंह भी मौजूद रहे।

पुलिस की लापरवाही पर दो अधिकारी निलंबित

इस हत्याकांड के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने सआदतगंज के इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस पर अपराधियों से मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच की जा रही है।

कार्रवाई के बाद भी उठ रहे सवाल

पार्किंग और चबूतरे के विवाद से शुरू हुआ मामला तीन लोगों की हत्या तक पहुंच गया। अब आरोपी की गिरफ्तारी, मकान सील किए जाने, अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस अधिकारियों के निलंबन के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

फिलहाल, इस पूरे प्रकरण में पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें