Balaghat News: जनसमस्याओं के निस्तारण पर जोर, जनसुनवाई में 123 आवेदकों ने प्रस्तुत किए प्रार्थना पत्र !

Facebook
X
WhatsApp

Balaghat News: बालाघाट 27 अक्‍टूबर 2026। प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 27 अक्‍टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री आदित्‍य सिंह की अध्‍यक्षता में जिला पंचायत की मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्‍टर श्री डीपी बर्मन, संयुक्‍त कलेक्‍टर श्री सुधीर जैन एवं एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 123 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।

जनसुनवाई में लांजी तहसील के ग्राम रिसेवाड़ा निवासी कृष्णकुमार माहुले स्वामित्व योजना के तहत आवासीय भूमि का पट्टा दिलाए जाने की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि वर्ष 2011-12 में खसरा नंबर 328/2 की आबादी भूमि का पट्टा उनकी माता स्व. सवानाबाई के नाम जारी हुआ था। उक्त भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बना है, जबकि उनकी माता का निधन हो चुका है। कृष्णकुमार ने प्रशासन से प्रकरण की जांच कर नियमानुसार पट्टा एवं स्वामित्व संबंधी अधिकार पत्र प्रदान करने की मांग की है। इस प्रकरण में एसडीएम लांजी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए है।

बालाघाट तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत टेकाड़ी के ग्राम गांगुलपारा के ग्रामीण गांव में आंगनवाड़ी केंद्र खुलवाये जाने की मांग लेकर आये थे। उन्होंने बताया कि गांव में 30-35 आदिवासी परिवार निवास करते हैं। घने जंगल, पहाड़ी और नालों के कारण बारिश में गांव का संपर्क टूट जाता है। जिसके कारण ग्राम केरा आंगनवाड़ी केंद्र दूर होने से बच्चों को पोषण आहार और प्राथमिक शिक्षा का लाभ नहीं मिल पाता है। अतः गांगुलपारा में नया आंगनवाड़ी केंद्र खुलवाया जाए। इस प्रकरण में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।

जनसुनवाई में ग्राम पंचायत भरवेली के वार्ड क्रमांक 17 के पंच हरिराम गराड़े आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 4 के नवीन भवन का निर्माण छह माह बाद भी शुरू नहीं होने की शिकायत लेकर आये थे। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के लिए प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन पुराने जर्जर भवन को तोड़ने की अनुमति नहीं मिली है। अतः उन्होंने जर्जर भवन को तोड़ने की अनुमति दिलाकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। इस प्रकरण में जनपद सीईओ बालाघाट को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।

WhatsApp Image 2026 10 28 at 10.50.26 AM

बालाघाट जिले की ग्राम पंचायत गडदा के ग्राम बुदैनाखुर्द में नल-जल योजना के तहत पानी वितरण का कार्य करने वाले जयचंद लिल्हारे ठेकेदार द्वारा मजदूरी की राशि का भुगतान नहीं करने की शिकायत लेकर आये थे। जयचन्द ने बताया कि 05 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से नियुक्त किया गया था, लेकिन दो माह के कार्य के बदले केवल एक माह की मजदूरी दी गई। अतः उसने शेष 25 हजार रुपये की मजदूरी शीघ्र दिलाए जाने की मांग की है। इस प्रकरण में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।

बालाघाट तहसील के वार्ड नंबर 32 के निवासियों ने दुर्गा मंदिर से निर्मल नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर अरबन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास नाले में जलभराव की शिकायत की। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान पानी घरों, स्कूल परिसर और सेवा भारती वनवासी कन्या छात्रावास परिसर में भर जाता है, जिससे बच्चों और नागरिकों को परेशानी होती है। अतः जल निकासी के लिए पुल निर्माण कराया जाए। इस प्रकरण में बालाघाट नगर पालिका सीएमओ को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए है।

कटंगी तहसील के ग्राम सेलवा निवासी सुरेंद्र देशमुख प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम आने और रजिस्ट्रेशन होने के बाद भी उनका नाम सूची से हटा दिए जाने की शिकायत लेकर आये थे। सुरेंद्र का कहना था कि ग्राम पंचायत की सहायक सचिव संगीता पटले और जनपद पंचायत के ओमप्रकाश पटले ने उनसे रिश्वत मांगी थी, मांग पूरी नहीं करने पर नाम काट दिया गया। कच्चा मकान होने के बावजूद उनके घर को पक्का बताया जा रहा है और विरोध करने पर धमकाया जा रहा है। अतः सुरेंद्र ने मामले की जांच कर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में जिला पंचायत के पीएम आवास शाखा को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।

जनसुनवाई में बैहर तहसील के ग्राम नवलपुर (खलौंडी) के ग्रामीणों ने 35 वर्षों से निवासरत होने के बावजूद भूमि का पट्टा नहीं मिलने की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना था कि पट्टा नहीं होने के कारण वे पक्का मकान नहीं बना पा रहे हैं और उन्हें शासन की आवासीय योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। भूमि के अधिकार नहीं मिलने से उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से काबिज भूमि का पट्टा प्रदान करने की मांग की है। इस प्रकरण में सहायक आयुक्‍त जनजातीय कार्य विभाग एवं वन विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।

बालाघाट के वार्ड नंबर 3 स्थित ताज नगर निवासी सलमान खान अपने नल कनेक्शन में पिछले 15 दिनों से पानी नहीं आने की शिकायत लेकर आए थे। सलमान ने बताया कि इस संबंध में उसने नगर पालिका के नल विभाग में शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। पानी की आपूर्ति बंद होने से उन्हें और उनके परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नल कनेक्शन में पानी की सप्लाई शुरू कराने की मांग की है। इस प्रकरण में बालाघाट नगर पालिका सीएमओ को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।

खैरलांजी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सालेबर्डी के निवासी गांव में पदस्थ सचिव मानिकराम पटले के समय पर पंचायत कार्यालय नहीं पहुंचने से ग्रामीणों के जरूरी काम प्रभावित होने की शिकायत लेकर आये थे। उन्होंने बताया कि सचिव की अनुपस्थिति के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं जनपद पंचायत में बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

अतः ग्रामीणों ने सचिव के खिलाफ उचित कार्रवाई कर पंचायत में दूसरे सचिव की नियुक्ति करने की मांग की है। इस प्रकरण में जनपद सीईओ खैरलांजी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।

लोकेशन- बालाघाट ( मध्यप्रदेश )
रिपोर्टर- दिलीप जामरे

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें