Delhi Chawri Bazaar Building Collapses: दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा ढह गया। हादसा गली सत्तारा के शीश महल इलाके में चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। घटना के बाद इमारत को बंद कर दिया गया है। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। मलबे में कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
हादसे की सूचना सुबह करीब 9:50 बजे गली सितारा से मिली। यह जगह चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इनमें पानी के टैंकर और बचाव कार्य में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियां भी शामिल हैं। राहतकर्मी मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटे हैं।
दिल्ली में लगातार गिर रहीं इमारतें, पहले भी गयी थी कई लोग की जान
चावड़ी बाजार की घटना से कुछ दिन पहले उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मिलन गार्डन इलाके में भी निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हुआ था। वहां एक पुराने मकान के ऊपर नई मंजिल बनाई जा रही थी। इसी दौरान पुरानी छत का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इसके साथ ऊपर का स्लैब भी नीचे आ गिरा।
मलबे में चंद्रपाल (60) और विजय कुमार (33) दब गए थे। दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इससे पहले 7 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत गिर गई थी। उस हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की जान गई थी। आठ घायलों को मलबे से निकालकर ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया गया था।









