सोनभद्र : बावली में डूबने से दो बच्चों की मौत

Facebook
X
WhatsApp

सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के करहिया गांव में सोमवार की दोपहर बाउली में डूबने से चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई। नहाते समय पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए थे। काफी प्रयास के बाद दोनों का शव बावली से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया।

म्योरपुर थाना क्षेत्र के करहिया गांव निवासी रामजनम का पुत्र रामबाबू(6) और चचेरी बहन रीना(6) पुत्री रामेश्वर कुछ अन्य बच्चों के साथ दोपहर में घर से थोड़ी दूर पर स्थित बाउली में नहाने गए थे। उनके साथ रामबाबू की बड़ी बहन प्रतिमा भी थी।

प्रतिमा के मुताबिक रामबाबू और रीना नहाते हुए बाउली में आगे बढ़ गए। पानी गहरा होने की हिदायत देते हुए वह उन्हें लौटने को कह रही थी। इस बीच अचानक दोनों डूबने लगे। प्रतिमा ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह खुद भी पानी में समाने लगी। किसी तरह बाहर निकलकर वह शोर मचाते हुए घर भागी और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

आनन-फानन मौके पर पहुंचे परिवार और गांव के लोगों ने बाउली में डूबे चचेरे भाई-बहन की तलाश शुरू की। काफी देर बाद दोनों को बाहर निकाला गया, मगर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना पाकर थानाध्यक्ष अश्वनी कुमारी त्रिपाठी, तहसीलदार विशाल पांडेय भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने दोनों बच्चों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। तहसीलदार विशाल पांडेय ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्हें ढांढस बंधाया और आपदा राहत के तहत आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया।

 

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें