यूपी के मिर्जापुर जिले के विंध्याचल क्षेत्र में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। अखाड़ा घाट पर स्नान करने के बाद दर्शनार्थियों को लेकर आ रही नाव गंगा में पलट गई। नाव सवार नाविक समेत 12 लोग गंगा नदी में डूबने लगे। गोताखोरों की मदद से नाविक और पांच दर्शनार्थियों को बाहर निकाला। वहीं, छह लोग लापता हो गए हैं। पुलिस गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि झारखंड के रांची से एक परिवार के 11 लोग मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन करने के लिए आए थे। बुधवार को विंध्याचल में दर्शन पूजन करने से पहले सभी गंगा घाट स्नान करने के लिए गए। परिवार के सभी लोग अखाड़ा घाट पर पहुंचे तो वहां पर कीचड़ था, इसलिए गंगा स्नान करने के लिए सभी नाव पर सवार होकर गंगा पार गए।













