बसपा सुप्रीमो मायावती के मुख्तार अंसारी को टिकट देने से इनकार के बाद एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने उन्हें खुला ऑफर दे दिया है। ओवैसी ने कहा है कि मुख्तार अंसारी उत्तर प्रदेश की जिस सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं, वहां का टिकट वे उनकी पार्टी से ले सकते हैं।
बता दें, बसपा सुप्रीमो मायावती ने मऊ से मुख्तार अंसारी का टिकट काट दिया है। बसपा ने मऊ से भीम राजभर को चुनाव लड़ने का टिकट दिया है। मायावती ने शुक्रवार को कहा, “बीएसपी का आगामी यूपी विधानसभा आमचुनाव में प्रयास होगा कि किसी भी बाहुबली व माफिया आदि को पार्टी से चुनाव न लड़ाया जाए। इसके मद्देनजर ही आजमगढ़ मण्डल की मऊ विधानसभा सीट से अब मुख्तार अंसारी का नहीं बल्कि यूपी के बीएसपी स्टेट अध्यक्ष श्री भीम राजभर के नाम को फाइनल किया गया है।”
एआईएमआईएम प्रवक्ता आसीम वकार ने मुख्तार के टिकट काटे जाने को लेकर मायावती पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जबतक अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी से फायदा हो रहा था तब उनको टिकट देते थे और आज जब उनका बुरा वक्त आया है तो उनके साथ खड़े भी नहीं हो रहे। उन्होंने कहा, “मायावती जी कह रही हैं कि मुख्तार अंसारी बहुत बड़े अपराधी हैं, इसलिए उनका टिकट काट दिया, मैं यह कहना चाहता हूं कि जबतक अतीक अहमद मुख्तार अंसारी से इन लोगों को फायदा था तो उनको निचोड़ रहे थे, पार्टी में ले रहे थे और चुनाव का टिकट भी दे रहे थे। आज बुरे वक्त में उनके साथ ये खड़े नहीं हो रहे हैं और उनको अपराधी कह रहे हैं।
असीम वकार ने कहा, ”मैं मायावती से पूछना चाहता हूं कि क्या मुख्तार अंसारी पिछले चुनाव में अपराधी नहीं थे, क्या मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद को लेकर नया नया ज्ञान मिला है इनको कि ये अपराधी हैं। अगर मुख्तार अंसारी चुनाव लड़ना चाहते हैं तो एआईएमआई के दरवाजे उनके लिए खुले हैं और उनको टिकट देंगे।”









