किसान के घर पर धावा बोलकर डकैतों ने वृद्ध महिला की हत्या कर दी, जबकि दंपति सहित तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। डकैतों ने महिलाओं के पहने हुए जेवरात सहित नकदी घर में रखे जेवरात व मेंथा आयल लूटकर फरार हो गए। घायलों को भर्ती कराया गया है। एसपी ने घटना स्थल का जायजा लिया, डाग स्क्वायड व क्राइम ब्रांच सहित तीन थानों की पुलिस को बदमाशों की तलाश में लगाया है। देवा थाना के ग्राम मुजीबपुर शेखपुर में शिव प्रसाद व उनके भाई छोटेलाल वर्मा एक साथ घर में रहते हैं।
छोटेलाल अविवाहित हैं जबकि शिव प्रसाद की पत्नी अंजू व दो पुत्र सौम्या व रेखा सहित वृद्ध मां चंद्रवती भी साथ में रहते हैं। शुक्रवार रात करीब दो बजे लाठी डंडा से लैस बदमाशों ने शिव प्रसाद के घर पर धावा बोल दिया। घर के बाद बंगले में सो रहे शिव प्रसाद को पहले निशाना बनाया और पीटकर मार डाला .चंद कदम की दूरी पर मां व छोटा भाई छोटेलाल शोर सुनकर जगे तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। छोटेलाल का गला कस कर पीटा जिससे वह अचेत हो गए, जबकि वृद्ध मां के सिर पर लाठी मारी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आवाजें सुनकर अंजू ने दरवाजा खोला तो बदमाशों ने उसे भी पीट डाला और कुछ नशीला पदार्थ सुंघाकर अचेत कर दिया।
बदमाशों ने घर में बक्सा व अलमारी में रखे जेवरात व नकदी सहित करीब एक क्विंटल मेंथा आयल लूट लिया और महिलाएं जो जेवरात पहने हुए थी वह भी छीन ले गए। आसपास के लोगों ने जानकारी पर पुलिस को सूचना दी। एसपी यमुना प्रसाद, एएसपी डा. अवधेश सिंह, सीओ सीमा यादव सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। डाग स्वायड बुलाया गया जो गंध लेकर पड़ोस के एक गांव तक गया, लेकिन कोई ठोस साक्ष्य नहीं दिला सका। वहीं घायलों को उपचार के लिए लखनऊ में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद दोनों बच्चियां सहमी हुंई हैं। एसपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश चल रही है। छोटी बच्ची सौम्या ने पूरा घटना क्रम बताया है।









