यूपी के शाहजहांपुर में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। युवक युवती के प्रेम प्रसंग का मामला सामने आने के बाद दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। युवक के पिता ने युवती के पिता पर दोनों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। युवती का शव उसके घर में ही मिला है जबकि युवक का शव भी युवती के घर के पास से ही बरामद किया गया है। आनर किलिंग की सूचना मिलते ही एसपी एस आनंद, एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी और सीओ तिलहर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव नोगामा नरोत्तम की है। यहां का रहने वाला 25 साल का आशीष नोएडा में रहकर प्राइवेट जॉब करता था। पिछले तीन माह से वह घर नहीं लौटा था। आशीष की हत्या की जानकारी जब परिजनों को हुई तो उनका कहना है कि उन्हें पता ही नहीं चला कि आशीष गांव कब वापस आया। उन्हें आज ही पता चला कि उसका गांव की ही किसी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जबकि चार साल पहले आशीष की शादी हो चुकी है। उसके दो बच्चे भी हैं। युवक के परिजनों ने युवती के पिता पर दोनों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है।









