लखनऊ के ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय की फिजियोथेरेपी यूनिट में गुरुवार को आग लग गई। इसमें कूलर समेत दूसरे उपकरण जलकर खाक हो गए। पूरी यूनिट में धुंआ भर गया था। कर्मचारियों की सूझ-बूझ से आग पर काबू पाने में कामयाबी मिली। धुंए की वजह से पूरी यूनिट की छत व दीवार काली हो गई।
बारिश की वजह से अस्पताल में भीड़ नहीं थी। शाम को अचानक फिजियोथेरेपी यूनिट से धुंआ बाहर निकलने लगा। कई कमरों में धुंआ भरने लगा जिसे देख कर्मचारी में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन कर्मचारी फिजियोथेरेपी यूनिट पहुंचे। ताला खोला। देखा तो कूलर समेत कई उपकरण जल रहे थे। किसी तरह कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। शुक्रवार को फिजियोथेरेपी यूनिट में पहुंचे मरीजों को निराश लौटना पड़ा
फिजियोथेरेपी यूनिट करीब चार से पांच साल पहले ही बनकर तैयार हुई है। नई यूनिट में शार्ट सर्किट पर अस्पताल के डॉक्टरों ने सवाल खड़े किए हैं। डॉक्टर-कर्मचारियों ने वायरिंग आदि की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए हैं।
आग से कूलर फुंक गया। बाकी उपकरण आदि को खास नुकसान नहीं पहुंचा है। आग की घटना शार्ट सर्किट की वजह से लगी है। बारिश की वजह से शार्ट सर्किट हुआ। आग सबसे पहले कूलर में लगी थी। वार्ड फिजियोथेरेपी यूनिट से काफी दूर है। लिहाजा मरीजों को कोई नुकसान नहीं हुआ।









