बॉलीवुड के मशहूर एक्टर और कोरोना काल में लोगों की दिल खोलकर मदद करने वाले सोनू सूद के घर सहित 6 ठिकानों पर दो दिन तक आयकर विभाग का सर्वे चला, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने हाल ही में आरोप लगाया कि अभिनेता और उनके सहयोगियों ने करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी की थी। आईटी सर्वे में बताया गया कि सोनू सूद ने बेहिसाब पैसे जमा कर अब तक 20 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी की है। इस आयकर विभाग की चल रही जांच के बीच अब सोनू सूद ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है।
जानकारी के मुताबिक इनकम टैक्स विभाग के अफसरों को सोनू सूद के खिलाफ टैक्स चोरी की बड़ी लीड मिली थी, जिसके बाद 15 सितंबर को सोनू के मुंबई स्थित घर और ऑफिस में टैक्स से जुड़ा सर्वे शुरू हुआ। टीम ने सोनू सूद की कंपनी के खिलाफ इनकम सर्वे शुरू किया, जिसके तहत उनके घर और ऑफिर सहित 6 जगहों पर 20 घंटे से ज्यादा सर्वे चला। जो 16 सितंबर को भी जारी रहा।इस दौरान सीबीडीटी ने मुंबई, लखनऊ, कानपुर, जयपुर, दिल्ली, गुरुग्राम समेत कुल 28 परिसरों पर लगातार छापेमारी की, जिसमें एक्टर और उनके साथियों की जगहों पर तलाशी के दौरान टैक्स चोरी से संबंधित आपत्तिजनक सबूत मिले थे।
इसके साथ ही एक्टर पर विदेश से चंदा जुटाने के दौरान विदेशी अंशदान नियमन अधिनियम (एफसीआरए) का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया गया। बता दें कि सोनू सूद ने कोरोना महामारी के दौरान पैसा इकट्ठा करने वाले अभियान में सबसे आगे थे, जिसके जरिए उन्होंने कहा कि मेडिकल हेल्प चाहने वालों के लिए यह धन जुटाया गया था। वहीं अब सोनू सूद ने करोड़ों की टैक्स चोरी के आरोपों के बीच चुप्पी तोड़ते हुए अपना पक्ष रखा हैं।
सोनू सूद ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर करते हुए अपना बयान शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा ‘हमेशा कहानी का अपना पक्ष बताने की जरूरत नहीं है। मैंने अपनी पूरी ताकत और दिल से भारत के लोगों की सेवा के लिए खुद को प्रतिबद्ध किया है। मेरी फाउंडेशन का एक-एक रुपया एक अनमोल जीवन बचाने और जरूरतमंदों तक पहुंचने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहा है। इसके अलावा कई मौकों पर मैंने ब्रांडों को मानवीय कारणों से भी अपनी एंडोर्समेंट फीस दान करने के लिए प्रोत्साहित किया है, जो हमें आगे बढ़ाता है।’
उन्होंने आगे लिखा कि ‘मैं कुछ मेहमानों की सेवा में व्यस्त था, इसलिए पिछले 4 दिनों से आपकी सेवा में नहीं आ पाया था। यहां मैं पूरी विनम्रता के साथ फिर से वापस आ गया हूं। आपकी विनम्र सेवा में, जीवन भर के लिए। मेरा सफर जारी रहेगा, जय हिंद! इसी के साथ सोनू ने लिखा कि ‘सख्त राहों में भी आसान सफर लगता है, हर हिंदुस्तानी की दुआओं का असर लगता है।’













