बाराबंकी के असंद्रा क्षेत्र के तेलैया गांव में शुक्रवार की भोर बासी मछली चावल खाने से एक ही गांव के 11 लोग बीमार पड़ गए। उल्टी दस्त के साथ बच्चे बेहोश होने लगे। आनन फानन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फूड पॉयजनिंग का शिकार हुए बौरा (6), गनेश (45), रामू (25), सलोनी (3), ऐश्वर्य (12), टिंकू (2), राजा (4), इंशी (17), सोमवीर (6), आशिक (3), सूरज (3) शामिल हैं।
तीमारदार आनंदी ने बताया कि गुरुवार की शाम मछली चावल बना था। सुबह परिवार के चार बच्चों ने खाया था। वहीं मोहल्ले में लगे एक हैंडपंप का पानी भी पिया था। उसके बाद शुक्रवार की देर शाम से एक के बाद एक की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी तो गांव में ही दवा दिलाई गई। उसके बाद भी हालत में सुधार होने के बजाए तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी दस्त के बाद बच्चे बेहोश होने लगे। जिन्हें आनन फानन इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। अब राहत लग रही है। ड्यूटी पर तैनात डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एक ही गांव के 11 लोग फूड पॉयजनिंग का शिकार होकर आए थे। फूड पॉयजनिंग का कारण परिवार वाले कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। सभी को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।









