बाराबंकी : एक माह पहले लापता हुए मनोज की उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी से हत्या करा दी थी। उसे शराब पिलाकर सरयू नदी में धकेल दिया गया था। तफ्तीश में सर्विलांस से मिले साक्ष्यों से पुष्टि के बाद पुलिस ने मनोज की पत्नी, उसके प्रेमी व प्रेमी के भाई को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी डा. अवधेश सिंह ने बताया कि रामनगर के पृथ्वीपुरवा मजरे अमराई गांव के सहजराम यादव का छोटा भाई मनोज कुमार यादव उर्फ पिटू 28 अगस्त को बाजार गया था। उसके न लौटने पर 30 अगस्त को सहजराम ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 19 सितंबर को सहजराम ने दूसरी तहरीर देकर मसौली के भौराखुर्द सआदतगंज में रहने वाले सुभाष उर्फ पिटू व उसके भाई सुनील यादव पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया था।
इस पर पुलिस ने हत्या के उद्देश्य से अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 28 सितंबर को सुभाष व सुनील सहित मनोज की पत्नी नीलम देवी को गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेश किए गए आरोपितों को जेल रवाना कर दिया गया है। पत्नी ने रची हत्या की साजिश : एएसपी ने बताया कि मनोज की पत्नी नीलम के उसके रिश्ते में मामा सुभाष (जो ट्रक ड्राइवर है) से अवैध संबंध थे। सुभाष के साथ रहने के लिए वह मनोज को रास्ते से हटाना चाहती थी। आखिरकार सुभाष और नीलम ने मनोज को मारने के लिए सुनील संग योजना बनाई। इसी के तहत 28 अगस्त को सुनील ने मनोज को मीट खाने के लिए बुढ़वल स्टेशन बुलाया और शराब पिलाकर इतना नशे में कर दिया कि वह बाइक नहीं चला सका। उसे अपनी कार से लेकर जाकर घर छोड़ने के बहाने सुभाष एवं सुनील ने मनोज को आधी रात में घाघरा पुल से नदी में धकेल दिया था।









