भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी की एक ऐसे नेता के तौर पर जाना जाता है जो अलग-अलग मुद्दों पर अपनी ही सरकार पर सवाल उठाते रहते हैं। अब बीजेपी सांसद ने देश में बेहताशा बढ़ रही महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सुब्रमण्यम स्वामी ने मिडिल क्लास लोगों की परेशानी को बताते हुए आसमान छू रहे सब्जियों के दामों को लेकर ट्वीट किया है। उन्हें इस महंगाई से जल्द राहत मिलने की भी उम्मीद जताई है।
भाजपा से राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मुझे कई वेतनभोगी मध्यम वर्ग के लोगों ने बताया कि सब्जियों की कीमतें आसमान छू रही हैं। मुझे उम्मीद है कि लोगों को इससे जल्दी ही राहत मिलेगी। भाजपा सांसद के इस ट्वीट पर कई यूजर्स ने भी प्रतिक्रिया दी। सुब्रमण्यम स्वामी ने भी कई यूजर के ट्वीट का जवाब दिया। सुजय गुप्ता नाम के एक ट्विटर यूजर ने भाजपा सांसद के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि यह पूरी तरह से मोदीनोमिक्स है।
भाजपा सांसद ने भी यूजर के ट्वीट के जवाब में लिखा कि या यह मोदीकॉमिक्स है क्योंकि वे अर्थशास्त्र नहीं जानते हैं। वहीं ट्विटर हैंडल @mrdisappoint ने भी स्वामी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि कभी नहीं सोचा था कि टमाटर सेब जितना महंगा हो जाएगा। इससे पहले पिछले दिनों उन्होंने कृषि कानून के वापस लिए जाने पर भी ख़ुशी जताई थी और भाजपा को प्रायश्चित करने की सलाह दी थी।
इस समय सब्जियों के भाव आसमान छू रहे हैं। विशेषकर हर सब्जी में प्रयोग होने वाला टमाटर इन दिनों सबसे महंगा बिक रहा है। इसके अलावा लगातार बढ़ रहे सब्जियों के दामों ने रसोई के बजट को बिगाड़कर रख दिया है। जहां एक ओर दालों के रेट आसमान छू रहे है तो वहीं सब्जी के दामों में भी बेतहाशा वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। 20 रुपये में बिकने वाला टमाटर 80 से 90 रुपये किलो के भाव से बिक रहा है। जबकि सेब के दाम इससे कम हैं। ऐसे में सब्जियां आम आदमी की पहुंच से दूर हो रही है।









