लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हैं. इस बीच नेताओं की बयानबाजी भी तेज है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने एक ट्वीट कर कहा वे ‘जिन्ना’ के उपासक है, हम ‘सरदार पटेल’ के पुजारी हैं. उनको पाकिस्तान प्यारा है, हम मां भारती पर जान न्योछावर करते हैं.
बता दें कि एक चुनाव प्रचार के दौरान सपा अध्यक्ष ने जिन्ना को लेकर बयान दिया था. वहीं चीन और पाकिस्तान को लेकर भी अखिलेश यादव बयान दे चुके हैं. अब इसे सीएम योगी के अखिलेश यादव पर हमले के तौर पर देखा जा रहा है.
यूपी में कब-कब वोटिंग
बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होना है. इसकी शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी. दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा. उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों पर, तीन मार्च को छठे चरण में 57 सीटों पर और सात मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा. वहीं यूपी चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे. 2017 विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन यानी बीजेपी प्लस को कुल 325 सीटें मिली थीं. इनमें से अकेले 312 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी. वहीं बीजेपी गठबंधन की अन्य दो पार्टियों में अपना दल (एस) ने 11 सीटों में नौ सीटें और ओपी राजभर की भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी ने आठ में से चार सीटें जीती थीं. वहीं सपा और कांग्रेस गठबंधन को मात्र 54 सीटों के साथ संतोष करना पड़ा था. कांग्रेस महज सात सीट जीतने में सफल हो पाई थी. इसके अलावा, समाजवादी पार्टी को केवल 47 सीटों पर जीत मिली. वहीं बसपा ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी. रालोद को एक सीट और अन्य के खाते में 4 सीटें गई थीं.









