उत्तराखंड में PM मोदी और योगी की ताबड़तोड़ रैलियां, राहुल-प्रियंका भी फिर आएंगे

Facebook
X
WhatsApp

उत्तराखंड के चुनाव प्रचार में राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल पिछले 3 दिनों से हरिद्वार में डेरा डाले हुए हैं, तो बीजेपी और कांग्रेस के स्टार प्रचारक उत्तराखंड में जगह-जगह चुनाव प्रचार कर रहे हैं. प्रचार के अंतिम चरण में पार्टियों ने अपने शीर्ष नेताओं को झोंक दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी के बाद उत्तराखंड में लोकसभावार वर्चुअल रैलियां कर रहे हैं. बीजेपी उनकी तीन बड़ी फिजिकल रैलियां भी कराने जा रही है और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की धड़ाधड़ रैलियां भी तय हो रही हैं.

10 फरवरी को प्रधानमंत्री श्रीनगर में जनसभा को संबोधित करेंगे. श्रीनगर विधानसभा सीट पर सीटिंग विधायक एवं कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत बीजेपी के प्रत्याशी हैं, तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल उनके खिलाफ चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं. 11 फरवरी को प्रधानमंत्री अल्मोड़ा दौरे पर रहेंगे. यहां बीजेपी ने सिटिंग विधायक एवं डिप्टी स्पीकर रघुनाथ सिंह चौहान का टिकट काटकर पूर्व विधायक कैलाश शर्मा तो कांग्रेस ने पूर्व विधायक मनोज तिवारी को मैदान में उतारा है. 12 फरवरी को मोदी रुद्रपुर सीट पर जनसभा करेंगे, जहां पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है. यहां जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद बीजेपी के सिटिंग विधायक राजकुमार ठुकराल बागी होकर निर्दलीय लड़ रहे हैं.यहां ठुकराल बीजेपी कैंडिडेट शिव अरोड़ा के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं. बताया जा रहा है कि बीजेपी के कई कार्यकर्ता ठुकराल के लिए काम कर रहे हैं. साथ ही, रुद्रपुर सीट पर बीजेपी प्रत्याशी के एक वीडियो के वायरल होने के बाद पार्टी के सामने एक और मुसीबत खड़ी हो गई है. इन तमाम बिंदुओं के मद्देनज़र रुद्रपुर सीट पर जनसभा के ज़रिये मोदी तराई के पूरे बेल्ट को भी कवर करने की कोशिश करेंगे साथ ही बीजेपी ने 10 फरवरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 3 जनसभाएं उत्तराखंड में तय की हैं. योगी 10 फरवरी को कोटद्वार, खटीमा और रुड़की में तीन रैलियां करेंगे. यानी योगी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरक सिंह रावत की सीट से बीजेपी प्रत्याशी बनाई गई ऋतु भूषण खंडूरी और बीजेपी के सिटिंग विधायक प्रदीप बत्रा के समर्थन में रैलियां करेंगे.

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें