अंबेडकरनगर: जिले की सभी पांच विधानसभा सीट के लिए 3 मार्च को होने वाले मतदान को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सभी विधानसभा सीटों के प्रेक्षक के साथ व्यय व पुलिस प्रेक्षक ने जिले में पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन टांडा, कटेहरी व आलापुर के प्रेक्षकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर संबंधित विधानसभा क्षेत्र के नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया, जबकि जलालपुर व अकबरपुर प्रेक्षक ने बूथों का जायजा लिया। व्यय प्रेक्षक ने नामांकन कक्ष तथा एमसीएमसी कक्ष का भी जायजा लिया। साथ ही जिम्मेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।सभी पांच विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रक्रिया को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों ने एक दिन पहले पहुंचने के बाद मोर्चा संभाल लिया। शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन अलग-अलग विधानसभा सीट के लिए आए प्रेक्षक ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन कक्षों का स्थलीय निरीक्षण किया। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन के साथ टांडा प्रेक्षक रूपेश जयवंशी, आलापुर प्रेक्षक कमलेश्वर प्रसाद सिंह व कटेहरी प्रेक्षक आलोक कुमार चौहान ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन कक्षों का जायजा लिया।उन्होंने नामांकन के दौरान अपनाई जा रही प्रक्रिया का विधिवत जायजा लिया। प्रेक्षक जलालपुर टीएन हरिहरन व अकबरपुर यशपाल ने विधानसभा क्षेत्र के संवेदनशील बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि संबंधित बूथों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएं। इसके अलावा मतदान तक सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। व्यय प्रेक्षक श्रीकांत झवर ने नामांकन कक्ष के साथ एमसीएमसी कक्ष का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन के अलावा एडीएम अशोक कनौजिया मौजूद रहे।
रिपोर्ट : राजकुमार मौर्य









