नई दिल्ली : आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में जब चेन्नई सुपर किंग्स ने अंडर-19 वर्ल़्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के ऑलराउंडर राजवर्धन हैंगरगेकर को 1.5 करोड़ रुपए में खरीदा तो उस गेंदबाज को अपने पिता की याद आ गई. राजवर्धन ने 2 साल पहले कोरोना की वजह से अपने पिता को खोया था. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) उनके पिता की फेवरेट टीम और महेंद्र सिंह धोनी पसंदीदा खिलाड़ी थे. राजवर्धन को सीएसके ने मेगा ऑक्शन के दूसरे दिन यानी रविवार को खरीदा.
ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, “मेरे पिता चेन्नई सुपर किंग्स को काफी पसंद करते थे और इस टीम को फॉलो करते थे. काश, वह इस दिन को देखने के लिए जिंदा होते. वह जहां,कहीं भी होंगे, वह निश्चित रूप से हम सभी से अधिक खुश होंगे. रूंधे गले से इस गेंदबाज ने कहा कि फिलहाल मेरे पास शब्द नहीं हैं. मैं इस मौके पर उन्हें ही याद कर रहा हूं.”
हैंगरगेकर 30 लाख की बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे थे और एमएस धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने मजबूत कद-काठी के इस गेंदबाज पर भरोसा जताते हुए 1.5 करोड़ रुपये यानी 5 गुना कीमत पर खरीदा.
राजवर्धन के अलावा भी अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाले कई और खिलाड़ियों पर नीलामी में पैसों की बरसात हुई है. इससे पहले, बीसीसीआई ने भी वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सभी सदस्यों को 40-40 लाख रुपये देने का ऐलान किया था. यानी हर तरफ से युवा खिलाड़ियों पर पैसे बरस रहे हैं. इस पर राजवर्धन ने कहा, “पैसों से ज्यादा, मेरे लिए खेलना ज्यादा अहम है. ये चीजें तब तक आएंगी, जब तक मैं परफॉर्म कर रहा हूं. इसलिए, मेरा ध्यान सिर्फ अच्छा प्रदर्शन करने पर होगा”
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेलने के बारे में पूछे जाने पर हैंगरेकर ने कहा, “मैं उनका मार्गदर्शन लूंगा और उनसे सीखने के लिए बहुत कुछ है.”
कोच मोहन जाधव चाहते हैं कि सीएसके की तरफ से खेलने के दौरान हैंगरगेकर की नजर धोनी पर रहें. उन्होंने कहा,”आईपीएल में खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है. राजवर्धन को मेरी एक ही सलाह है कि धोनी को देखें और उनसे सीखें. मुझे पता है कि अगर मौका मिला तो वो अपनी प्रतिभा भी दिखाएंगे. घबराहट होगी, लेकिन वह मानसिक रूप से काफी मजबूत है. मैंने उसे जून 2020 में अपने पिता को कोविड की वजह से खोने के बाद एक व्यक्ति के रूप में परिपक्व होते देखा है.”









