इन दिनों भारत में हिजाब-नकाब को लेकर काफी विवाद छिड़ा हुआ है. कोई इसको पहनने की मांग करता नजर आ रहा है तो कोई इसको हटाने की मांग कर रहा है. इस टेंशन के बीच दुबई से एक खबर आई कि यहां एयरपोर्ट पर तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया गया जो महिलाओं के रूप में घूम रहे थे. सोशल मीडिया पर इनकी फोटो भी वायरल होने लगी.
न्यूज वेबसाइट डेली स्टार की रिपोर्ट में बताया गया कि संयुक्त अरब अमिरात (UAE) के दुबई एयरपोर्ट पर हाल ही में बेहद विचित्र घटना देखने को मिली. रिपोर्ट के अनुसार यहां पुलिस और इमिग्रेशन ने शक के बिनाह पर पहले तीन ‘महिलाओं’ को गिरफ्तार किया जिन्होंने सिर से लेकर पैर तक खुद को अरबी महिलाओं की तरह ढका हुआ था. मगर जैसे ही सुरक्षाकर्मियों ने उनका नकाब हटाया, अंदर से तीन नाइजीरियन पुरुष बाहर निकले! बताया गया कि वे गैरकानूनी ढंग से दुबई में घुसने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने खुद को महिलाओं जैसा बनाने के लिए चेहरे पर स्किन कलर का पेंट लगा लिया था और पूरे बदन को ढक लिया था जिससे उनकी सच्चाई के बारे में किसी को भी पता ना चले. साउथ अफ्रीका के न्यूज स्टेशन काया 959 के अनुसार तीनों लोग अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने और ज्यादा पैसे कमाने के उद्देश्य से दुबई गए थे. उन्हें पता चला कि दुबई में लोग काफी पैसे कमाते हैं तो उन्होंने भी अपनी किस्मत आजमाने के बारे में सोचा.हाल ही में ये खबर सोशल मीडिया पर काफी नजर आई. कई वेबसाइट्स ने इस फोटो के बारे में बताया मगर अब इसकी सच्चाई सामने आ गई है. फैक्ट्स क्रिसेंडो नाम की न्यूज वेबसाइट ने दावा किया है कि ये एक फर्जी फोटो है और गलत जानकारी के साथ ये वायरल हो रही है.









