रायबरेली:-भाजपा जो कहती है वह करती है ,अयोध्या में राम मंदिर बनवाने की घोषणा की थी राम मंदिर निर्माण का कार्य हो रहा है ।क्या यह राम मंदिर निर्माण का कार्य सपा ,बसपा कांग्रेस कर पाती उक्त उद्गार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली जनपद की सरेनी विधानसभा के लालगंज स्थित बैसवारा इंटर कॉलेज खेल मैदान में भाजपा उम्मीदवार धीरेंद्र बहादुर सिंह के समर्थन में आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान व्यक्त किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 2 बजे लालगंज पहुंचे ।मंच पर पहुंचकर उन्होंने मां गंगा के आंचल में बसी हुई वीरभूमि सरेनी का अभिवादन करते हुए क्रांतिकारियों को नमन करने के साथ-साथ उमड़ी भीड़ का भी अभिवादन किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्व की सरकारों में अराजकता, सत्ता प्रायोजित दंगे, अपराध व भ्रष्टाचार का बोलबाला था ।क्या महिला क्या पुरुष कोई भी अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं करता था ।भाजपा सरकार के पहले प्रदेश में गुंडाराज कायम था ।5 साल की भाजपा की सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ ।किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं हुआ। महिलाएं पूरी तरह महफूज हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों में हुए दंगों के आंकड़े गिनाते हुए कहा कि सपा सरकार में 700 दंगे हुए थे ।बसपा सरकार में 364 दंगे हुए थे। सैकड़ो हिंदू मारे गए थे ।महीनों कर्फ्यू लगता था ।व्यापारिक प्रतिष्ठानों को दंगाई नुकसान पहुंचाते थे ।पुलिस उल्टा पीड़ितों के ही खिलाफ मुकदमा दर्ज कर देती थी ।2017 के बाद एक भी दंगा नहीं हुआ ।दंगाइयों को मालूम है कि योगी सरकार दंगाइयों की कुर्की करके सरकारी संपत्ति का नुकसान ब्याज समय तो वसूल लेगी ।सपा सरकार में बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थी। महिलाएं बाजार नहीं जा पाती थी। अब दिन या रात हर समय सर्व समाज सुरक्षित है ।किसानों के विकास की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 86लाख किसानों का 36 हजार करोड़ का कर्ज माफ हुआ है।
खासतौर से रायबरेली में 81500 किसानों का कर्ज माफ हुआ है। डबल इंजन की सरकार ने 50,000 किसानों को रायबरेली में आवास दिया है। रायबरेली में 3लाख60हजार किसानों को सम्मान निधि दी गई है। रायबरेली में 2लाख34हजार लोगों को शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में जब सरकार आई थी उसने तीन निर्णय लिए थे ।सबसे पहले किसानों की कर्ज माफी ,थाने में एंटी रोमियो स्क्वायड सहित अवैध बूचड़खाने बंद करने का काम किया था । मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वही 2012 में जब सपा सरकार आई थी तो उसने सबसे पहला कार्य अयोध्या में आतंकी हमले ,सीरियल ब्लास्ट के अपराधियों को छोड़ने के लिए उनके मुकदमे वापस लेने का कुत्सित प्रयास किया था । जबकि हमारी भाजपा की गुजरात की सरकार ने सीरियल ब्लास्ट के 30 आतंकवादियों को फांसी दिलाने का कार्य किया है ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में जिन आतंकवादियों को फांसी की सजा दी गई है ,उनमें से एक आतंकवादी का अब्बा रामपुर में सपा का प्रचार कर रहा है ।लेकिन सपा के बबुआ पूरी तरह से मौन धारण किए हुए हैं क्योंकि उन्हें वोट कटने का भय सता रहा है। । योगी की जनसभा के मौके पर जनसभा के व्यवस्थापक शिव प्रकाश पांडे, महेंद्र प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया, डलमऊ चेयरमैन ब्रजेश दत्त गौड़ ,ओम प्रकाश सर्राफ, बृजेश सिंह ,डलमऊ प्रमुख शिवराम रावत, रत्ना पांडे ,विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मंत्री रामगोपाल त्रिपाठी ,भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यम शुक्ला ,वरिष्ठ नेता जेपी सिंह ,निर्लेश सिंह ,राम प्रताप सिंह ,धर्मेंद्र सिंह ,आशुतोष शुक्ला, जगन्नाथ पांडे ,विकेश दुबे गोविंद सविता ,रामसुमेर लोधी, रामू सिंह ,मनोज सिंह, मनोज अवस्थी ,रवि सिंह ,अजय सिंह ,सुनील मिश्रा, शिवम गुप्ता अपार जनसमूह मौजूद रहा।









