बाराबंकी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चार चरणों के तहत मतदान हो चुका है. इस बीच गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी से विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर सपा, बसपा की सरकार होती तो कोविड वैक्सीन बाजार में ब्लैक हो जाती, फिर वैक्सीन गरीब लोगों को नहीं मिलती. कोरोना की तीसरी लहर कब आई, कब चली गई. किसी को पता ही नहीं चला. उन्होंने कि आज कितनी बड़ी-बड़ी रैली हो रही है, कोरोना गायब हो गया है. आप सब जानते हैं कि पिछली सरकारें कैसे आस्था के साथ खिलवाड़ करती थीं. पहले पर्व और त्योहार के वक़्त दंगे और कर्फ्यू शुरू हो जाते थे. आज प्रदेश में दंगे नहीं होते. कर्फ्यू नहीं लगता है.उन्होंने कहा कि हम लड़कियों को फ्री स्कूटी देंगे, किसानों को मुफ्त बिजली देंगे, एक्सप्रेस हाईवे बनवाएंगे, कॉलेज बनवाएंगे. आप तय करना चाहते हैं कि आप किस तरह की सरकार चाहते हैं. वह जो दंगे कराती है या जो आपको उनसे मुक्त करती है और गरीबों के कल्याण के लिए काम करती है.













